संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। उच्च प्राथमिक व कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों में अब स्पोर्ट क्लब बनाया जाएगा। खेलों में रुचि रखने वाले छात्र-छात्राओं को इसमें शामिल किया जाएगा। इस क्लब के जरिए पारंपरिक खेलों खो-खो, कबड्डी, फुटबॉल, वालीबॉल व हैंडबॉल को प्रोत्साहित किया जाएगा। वहीं विद्यालय स्तर पर शतरंज, कैरम, बैडमिंटन, एथलेटिक्स सहित अन्य खेल कराया जाएगा।
1354 परिषदीय व कंपोजिट और छह कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय हैं। इनमें करीब 1.70 लाख छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। परिषदीय विद्यालयों की दशा सुधारने के लिए कई स्तरों पर काम हो रहे हैं। अब विद्यालयों में खेलकूद की गतिविधियों को बढ़ाया जाएगा, जिससे यहां अध्ययनरत छात्र-छात्राएं राज्य के साथ राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं व पैरालंपिक में भी अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए तैयार हो सकें। इसके लिए प्रत्येक उच्च प्राथमिक व कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में स्पोर्ट क्लब का गठन किया जाएगा, जिसमें खेलकूद प्रभारी शिक्षक और खेलों में रुचि रखने वाले छात्र शामिल होंगे। इस क्लब के जरिये पारंपरिक खेलों खो-खो, कबड्डी, फुटबॉल, वालीबॉल व हैंडबाल को प्रोत्साहित किया जाएगा।
वहीं विद्यालय स्तर पर शतरंज, कैरम, बैडमिंटन, एथलेटिक्स, ब्लाइंड क्रिकेट व दिव्यांगों से जुड़ी खेलकूद गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन विद्यालयों के छात्र-छात्राएं राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में शामिल होंगे। इसके लिए पहले अंतरविद्यालय स्तर की प्रतियोगिताएं होंगी। विद्यालयों में खेलकूद सामग्री खरीदने के लिए शासन से धनराशि जारी की जाएगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हरिकेश यादव ने बताया कि उच्च प्राथमिक व कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में स्पोर्ट क्लब का गठन किया जाएगा। छात्र-छात्राएं इसके सदस्य होंगे। इसके लिए सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों व इंचार्ज प्रधानाध्यापकों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।