ललितपुर। ओटीएस योजना के तहत घरेलू और नलकूप संयोजनधारी उपभोक्ताओं से वसूली के लिए बिजली विभाग के खंडीय कार्यालय द्वितीय द्वारा 32 हजार उपभोक्ताओं को उनके बकाया राशि एवं सरचार्ज की जानकारी के साथ नोटिस जारी किया गया है, इसमें ओटीएस की स्कीम की अवधि और पैसा जमा करने के समय की जानकारी भी दी गई है। नोटिस के बाद भी यदि उपभोक्ता योजना के तहत बकाया राशि जमा नहीं करते हैं तो विभाग द्वारा उनके कनेक्शन काटने की चेतावनी भी दी गई है।
शासन द्वारा बिजली विभाग के घरेलू व नलकूप संयोजनधारी किसान उपभोक्ताओं को राहत पहुंचाने के लिए एक मुश्त समाधान योजना लागू की है, जिसके तहत उपभोक्ताओं को 15 मार्च तक पंजीकरण कराना है और योजना में 31 मार्च तक बिलों का भुगतान करना होगा। जबकि जनपद में दोनों खंडीय कार्यालय के अंतर्गत एक लाख पांच हजार उपभोक्ताओं पर कुल लगभग 130 करोड़ 76 लाख रुपये की बकाएदारी चल रही है। इसके लिए विभाग द्वारा इस योजना की जानकारी हर घर और गांव व मोहल्लों तक पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है और मुनादी पिटवाकर, पंफलेट बांटकर भी योजना की जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही अब विभाग ने प्रत्येक बकाएदार उपभोक्ताओं तक योजना की जानकारी पहुंचाने के लिए नोटिस का सहारा भी लिया है। जिसके तहत खंडीय कार्यालय द्वितीय के तहत बिजली विभाग ने घरेलूू और नलकूप संयोजनधारी 32 हजार उपभोक्ताओं को उनके बकाए की राशि की वसूली के लिए नोटिस जारी किए हैं। इस नोटिस में योजना की भी जानकारी दी गई है और चेतावनी भी कि यदि समय से योजना के तहत बिलों का भुगतान नहीं करने पर उनके विद्युत कनेक्शन काट दिए जाएंगे। इन नोटिस में अब तक का कुल भुगतान, बिलों पर लगने वाला सरचार्ज की राशि, और योजना में सरचार्ज हटाकर जमा होने वाली राशि का विवरण भी दिया गया है। जिससे उपभोक्ताओं को योजना की जानकारी भी मिल जाए और उसे कितनी राशि जमा करनी होगी और उसे उक्त योजना में कितना सरचार्ज माफ होगा।
-
उत्तर प्रदेश पावर कार्पोरेशन द्वारा एक मुश्त समाधान योजना लागू की गई है, इसके लिए अधिक से अधिक उपभोक्ता योजना का लाभ ले सकें, इसके लिए सभी बकाएदार उपभोक्ताओं को नोटिस भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
-आकाश सचान, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड द्वितीय।