ललितपुर। जनपद में झोलाछाप का जाल फैला हुआ है, जो कई मरीजों के साथ उपचार के नाम पर ठगी कर रहे हैं। ऐसा ही एक मामला थाना मड़ावरा अंतर्गत ग्राम गड़ौलीकलां में सामने आया है। पीड़िता ने डीएम और एसपी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई करने की मांग की है।
थाना नाराहट अंतर्गत ग्राम ककरुआ निवासी पुष्पा पत्नी बलराम पटेल ने डीएम को ज्ञापन देकर बताया कि एक मई 2019 को थाना मड़ावारा अंतर्गत ग्राम गढ़ौलीकलां गई थी। रात्रि में तबीयत खराब होने पर एक चिकित्सक के पास पहुंची। चिकित्सक ने हाथ में इंजेक्शन लगा दिया। कुछ देर बाद आराम होने की बात कही। पीड़िता ने बताया कि उसका हाथ सुन्न हो रहा है तो सुबह ठीक होने का झांसा देकर भगा दिया। सुबह होने पर अपने गांव आई और नाराहट में एक चिकित्सक के यहां इलाज कराया तो बताया कि बाहर इलाज कराओ। भोपाल में इलाज के लिए गई, जहां पर चिकित्सकों ने ऑपरेशन में डेढ़ लाख रुपये खर्च आने की बात कही। पीड़िता अपने पति के साथ झोलाछाप के पास गई और दवा में आने वाले खर्चा देने की बात कही। इस पर झोलाछाप चिकित्सक ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी।
सीएमओ के निर्देश पर टीम गठित हुई। गांव में दो बार जांच की गई। लेकिन, संबंधित झोलाछाप चिकित्सक नहीं मिला। मिलने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
- डॉ. राजेश भारती, नोडल अधिकारी, जिला चिकित्सालय