बृहस्पतिवार को बहुजन समाज पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार ललितपुर विधानसभा सीट से संतोष कुशवाहा व महरौनी विधानसभा सीट से फेरनलाल अहिरवार ने पर्चा जमा किया है। इससे पहले दोनों उम्मीदवारों ने समर्थकों के साथ जुलूस निकाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया।
विधानसभा चुनाव के नामांकन की प्रक्रिया में पर्चा जमा करने का सिलसिला आरंभ हो गया है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बहुजन समाज पार्टी के अधिकृत उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र जमा किया है। सुबह दस बजे से सिविल लाइन स्थित बसपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटना आरंभ हो गई थी। इसी क्रम में महरौनी विधायक फेरनलाल अहिरवार व उनके समर्थक भी कार्यालय पहुंचे। वहीं, ललितपुर विधानसभा सीट के उम्मीदवार संतोष कुशवाहा ने अपने निवास से सैकड़ों समर्थकों के साथ पैदल चलते हुए बसपा कार्यालय में दस्तक दी। उनके साथ बुंदेलखंड प्रभारी लालाराम अहिरवार, अनुराधा शर्मा सहित कई नेता थे। इसके बाद बसपा कार्यालय से जुलूस की शक्ल में उम्मीदवार संतोष कुशवाहा व फेरनलाल अहिरवार कलक्ट्रेट की ओर रवाना हुए तो कार्यालय के समीप खड़ी पुलिस ने उन्हें यह कहकर रोक दिया कि भीड़ के साथ नहीं जाएंगे।
इसको लेकर काफी देर तक गर्माहट बनी रही। आखिर में चुनिंदा नेताओं के साथ उम्मीदवारों को पर्चा दाखिल करने पर सहमति बन गई। दोनों उम्मीदवारों के साथ बुंदेलखंड प्रभारी लालाराम अहिरवार, जिलाध्यक्ष जानकी प्रसाद अहिरवार, अनुराधा शर्मा, बृजेश जाटव, भूपेंद्र आर्य, मोहनलाल, बीके गौतम, दयाराम अहिरवार, मेघनाथ खंगार, बंटी जैन, हाजी मु. फैय्याज, राम किशन, मोहन कुशवाहा, लक्ष्मी बुनकर, दामोदर पटेल, मनोहर पटेल, मास्टर मलखान, विजय कुशवाहा कलक्ट्रेट द्वार तक पहुंचे। यहां पुलिस ने चार-चार समर्थकों के साथ उम्मीदवार को अंदर जाने की अनुमति दी। इस दौरान नामांकन के लिए जाते समय तय संख्या से अधिक समर्थक हो गए। जिस पर दामोदर पटेल एवं लक्ष्मी बुनकर को पुलिस ने वापस लौटा दिया। इसके बाद भी नेताओं में उहापोह की स्थिति बनी रही। अंत में अनुराधा शर्मा व उनका पुत्र स्वयं कलक्ट्रेट परिसर से वापस लौट आए और उनकी जगह दामोदर पटेल व लक्ष्मी बुनकर को अंदर भेजा गया, तब जाकर उम्मीदवार समर्थकों के साथ रिटर्निंग आफीसर के कक्ष में पहुंच सके और उन्होंने अपने-अपने नामांकन पत्र जमा किए। इस तरह ललितपुर सीट पर भाकियू व बसपा के उम्मीदवारों का नामांकन हो चुका है। वहीं, महरौनी सीट पर बसपा उम्मीदवार का पहला नामांकन हुआ है।
आज भी बिके नामांकन
महरौनी सीट से मनोहरलाल पंथ ने दो सेट खरीदे हैं। वहीं, ललितपुर सीट से राष्ट्रीय किसान मजदूर पार्टी के नाम से क्रांति पटैरिया ने पर्चा प्राप्त किया तो विद्या ने भी नामांकन पत्र खरीदा है।