ललितपुर। थाना जखौरा के ग्राम भौंरसिल में बिजली कर्मचारियों द्वारा ग्रामीणों के घर प्रधानमंत्री सौभाग्य योजना के तहत बिजली का सपना दिखाते हुए विद्युत मीटर तो लगाए गए, लेकिन विद्युत लाइन व विद्युत पोल नहीं लगने से बिजली का सपना आज भी अधूरा है। ग्रामीणों ने डीएम को तहसील दिवस में ज्ञापन देकर उन्हें बिजली पहुुंचाने के लिए विद्युत पोल व बिजली लाइन लगवाए जाने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि वह थाना जखौरा के ग्राम लखनपुरा के मजरा भौंरसिल के रहने वाले हैं। उनके यहां तीन वर्ष पहले प्रधानमंत्री सौभाग्य योजना के तहत हाइवे किनारे बने उनके मकानों में विद्युत विभाग के कर्मचारियों द्वारा यह कहकर विद्युत मीटर लगाए गए थे कि ठेकेदार द्वारा विद्युत पोल लगाए जा रहे हैं और उस पर विद्युत लाइन डाली जाएगी, तब उनके संयोजन जोड़ दिए जाएंगे। उन्होंने बार बार विभाग से संपर्क किया और पोल लगवाने को कई बार प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन न तो यहां पोल ही लगाए गए और न ही विद्युत लाइन ही डलवाई गई है। इससे वह अंधकार में रहने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से उनके मजरे में विद्युत पोल लगवाने और लाइन बिछाने की मांग की है। ज्ञापन पर दिव्यांश, प्रेमकुमारी, रिसीता, भुवानी सिंह, दिशा, भगवान सिंह, अवधपाल सिंह, सविता देवी आदि के हस्ताक्षर हैं।