ललितपुर। जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार थम गई है। मंगलवार को 1,415 व्यक्तियों की जांच में एक भी व्यक्ति संक्रमित नहीं मिला है। इस कारण पांचवें दिन भी कोरोना से राहत रही।
दो सप्ताह से कोरोना संक्रमण कमजोर नजर आ रहा है। पांच दिन से एक भी व्यक्ति कोरोना संक्रमित नहीं पाया गया है। इसको लेकर राहत बनी हुई है। हालांकि, संक्रमण का खतरा अभी टला नहीं है। सभी को कोविड बचाव के नियमों का पालन करना जरूरी है।
मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 1,415 व्यक्तियों के सैंपल लिए। इनमें 560 सैंपल आरटीपीसीआर जांच को मेडिकल कॉलेज झांसी भेजे गए है। तीन सैंपल ट्रू-नॉट किट और 852 एंटीजन किट से लिए गए हैं। इनमें एंटीजन व ट्रू-नॉट किट की जांच रिपोर्ट में एक भी व्यक्ति संक्रमित नहीं पाया गया है। इससे लगातार पांचवें दिन कोरोना संक्रमण से राहत रही है।
जिले में कोविड संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,483 पहुंच गई। इनमें 47 की मौत हो चुकी और 3,434 संक्रमित स्वस्थ होकर डिस्चार्ज किए गए हैं। वर्तमान में दो संक्रमित मरीज हैं, जिनका उपचार किया जा रहा है। पांच दिन से आरटीपीसीआर जांच को 1201 सैंपलों की रिपोर्ट आना बाकी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. डीके गर्ग ने बताया कि मंगलवार को कोविड जांच को लिए 1,415 व्यक्तियों की रिपोर्ट में एक भी व्यक्ति कोरोना संक्रमित नहीं पाया गया है।