राहत: लगातार दूसरे दिन भी नहीं मिला कोई संक्रमित
ललितपुर। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा लिए गए 2802 सैंपलों की जांच रिपोर्ट में एक भी व्यक्ति कोरोना संक्रमित नहीं पाया गया है। इससे लोगों ने राहत की सांस ली। अब जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या 16 रह गई है। हालांकि संक्रमण का खतरा अभी टला नहीं है। संक्रमण से बचाव को लेकर कोविड वैक्सीन लगवाएं और बचाव के नियमों का पालन करें।
शनिवार को जनपद के विभिन्न सैंपल बूथ कलेक्शन सेंटरों से स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 2802 व्यक्तियों के सैंपल लिए। इनमें 1510 सैंपल आरटीपीसीआर किट से और एंटीजन किट से 1292 व्यक्तियों के सैंपल लिए गए। एंटीजन किट व बीते दिनों आरटीपीसीआर से लिए गए सैंपलों की आई जांच रिपोर्ट में एक भी व्यक्ति संक्रमित नहीं पाया गया है।
वहीं, जिले में संक्रमितों का आंकड़ा 12689 पहुंच गया। इनमें अब तक 125 की मौत हो चुकी और 12548 स्वस्थ होकर डिस्चार्ज किए गए। वर्तमान में 16 मरीजों का उपचार चल रहा है। हालांकि बीते दिनों आरटीपीसीआर जांच को भेजे गए 3153 सैंपलों की रिपोर्ट आना बाकी है।
डॉ. देशराज सिंह, एपीडेमियोलॉजिस्ट ने बताया कि शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा लिए गए 2802 के सैंपल की आई जांच रिपोर्ट में एक भी व्यक्ति संक्रमित नहीं पाया गया है।