पुलवारा/ललितपुर। बार थाना अंतर्गत ग्राम खैरा-कठवर में शुक्रवार को मजदूरों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्राली पलटने से दो महिलाओं समेत नौ मजदूर घायल हो गए। ट्रैक्टर के सामने अचानक से आई एक महिला को बचाने के दौरान हादसा हो गया। घायलों को सीएचसी बार में भर्ती किया गया, जबकि दो महिलाओं की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बार थाना क्षेत्र के ग्राम महुआखेरा के लगभग दो दर्जन मजदूर ट्रैक्टर-ट्रॉली से फसल की कटाई करने के लिए ग्राम खैरा-कठवर जा रहे थे। शुक्रवार को सुबह करीब नौ बजे ट्रैक्टर ग्राम खैरा के समीप नहर के पास ही पहुंचा था कि मानसिक रूप से कमजोर महिला ट्रैक्टर के सामने आ गई, जिसे बचाने के चक्कर में ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया एवं गीली मिट्टी होने के कारण ट्राली समेत पलट गया। ट्रैक्टर-ट्राली पलटने से घटना स्थल पर कोहराम मच गया। ट्राली में फंसे मजदूर चीखने चिल्लाने लगे। चीखपुकार सुनकर आसपास के खेतों में मौजूद लोग घटना स्थल की ओर दौड़े और तत्काल 108 एंबुलेंस को फोन किया जिसके बाद 108 की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बार लाया गया। जहां मीरा (35वर्ष) एवं लक्ष्मी (32 वर्ष) की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला चिकित्सालय रिफर कर दिया गया। वहीं प्रागी (51वर्ष), भगौला (37वर्ष), करन (18 वर्ष), मनीष (18 वर्ष), जगवती (21 वर्ष), मालती (18 वर्ष), प्रभा(18 वर्ष) का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर चल रहा है। कुछ अन्य लोगों को मामूली चोटें आईं हैं, जिनका प्राथमिक उपचार कर उनकी छुट्टी कर दी गई।
सीएचसी अधीक्षक डा. जेएस बख्शी ने कहा कि ट्रैक्टर- ट्रॉली पलटने से मजदूरी के लिए जा रहे लोगों में नौ लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो महिलाओं के सिर में चोटें आई हैं। उनकी हालत गंभीर होने पर जिला चिकित्सालय रिफर कर दिया गया है।