ललितपुर। स्वच्छ भारत मिशन के तहत शहर क्षेत्रों में घरेलू शौचालयों का निर्माण कराया जा रहा है। इस योजना में तेजी लाने के लिए व शहर को खुले में शौच मुक्त बनाने में सहयोग के लिए नगर पालिका ने जन प्रतिनिधियों व समाजसेवी संगठनों के साथ बैठक की और योजना की संपूर्ण जानकारी दी है।
शुक्रवार को नगर पालिका सभागार में अध्यक्ष सुभाष जायसवाल की अध्यक्षता में स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों, वार्ड पार्षदों व स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान योजना प्रभारी अभिषेक कुमार चौबे ने योजना की संपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन योजना का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दो अक्टूबर 2014 को महात्मा गांधी का स्वच्छ भारत का सपना पूरा करने के उद्देश्य से किया गया था। इस मिशन के तहत शहरी क्षेत्रों को खुले में शौच मुक्त बनाने के लिए शौचालय विहीन घरों में शौचालय बनवाने के लिए आठ हजार रुपये की अनुदान राशि दी जा रही है।
इस अनुदान राशि में केंद्र व राज्य सरकार दोनों की बराबर की भागेदारी है। मिशन की पूर्ति का लक्ष्य 02 अक्टूबर 2019 तक पूर्ण किया जाना है। उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए लोग स्वच्छ भारत मिशन की वेबसाइट पर आनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना की समीक्षा में उन्होंने बताया कि अब तक व्यक्तिगत शौचालयों हेतु कुल 4428 आनलाइन आवेदन पत्र प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 2801 आवेदन फार्मों का सत्यापन किया जा चुका है। 2748 आवेदन एप्रूव किये जा चुके हैं और 819 फार्म किसी कारण से निरस्त किये गये हैं। वहीं वित्तीय वर्ष 2016-17 के लिए भारत सरकार ने 1918 लाभार्थियों को दो-दो हजार रुपये की पहली किश्त जारी कर दी है।
लाभार्थियों के खाते तक अनुदान राशि भेजने का कार्य जारी है। इसी क्रम में परियोजना अधिकारी डूडा पवन शर्मा द्वारा भारत सरकार की योजना प्रधानमंत्री आवास योजना (सबके लिये आवास) के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई तथा बताया गया कि इस योजना के अंतर्गत ऐसे लोग आवेदन कर सकते है, जिनके पास कहीं भी आवास नहीं है। शेष जानकारी डूडा कार्यालय से प्राप्त की जा सकती हैं। नगर पालिका अध्यक्ष सुभाष जायसवाल व अधिशाषी अधिकारी राकेश कुमार ने समस्त स्वयंसेवी संस्थाओं से उक्त योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु पालिका का सहयोग करने की अपील की है। इस दौरान नगर स्वास्थ्य अधिकारी राजेश कुमार भारती, मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक आरके लवानियां व दिनेश कुमार बिरौनिया, रमाकांत तिवारी व वार्ड पार्षद समेत लायंस क्लब ग्रेटर, लायंस क्लब सेवा, क्लीन ललितपुर ग्रीन ललितपुर, ललितपुर सेवा ग्रुप, स्वच्छ ललितपुर सुंदर ललितपुर, कोमीय एकता क्लब सेवा समिति, वर्ड सेवर ग्रुप, ललितपुर, बुंदेलखंड विकास मंच, गौ सेवा मंडल, परशुराम सेवा समिति, दिशा, अनपूर्णा सेवा संघ, बुंदेलखण्ड विकास सेना, संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल, सोसाईटी फॉर लीगल एंड ऐजूकेशन राईटस, मानव ऑर्गेनाईजेशन आदि उपस्थित रहे।
जागरूकता की कमी बन रही योजना में रोड़ा
स्वच्छ भारत मिशन घरेलू शौचालय योजना में जागरूकता की कमी रोड़ा बन रही है। आवेदकों में योजना के प्रति जानकारी का अभाव होने के कारण योजना तेजी नहीं पकड़ पा रही है। इस संबंध में योजना प्रभारी अभिषेक चौबे ने बताया कि हाल ही में शासन ने 1918 आवेदकों को लाभान्वित किया है, जिसकी सूची कार्यालय में चस्पा कर दी गई है। लाभार्थियों को दस रुपये के स्टांप पर शपथ पत्र विभाग को देना होगा, इसके अलावा लाभार्थी के खाते में पहली किश्त तभी भेजी जाएगी जब लाभार्थी शौचालय का करीब 25 प्रतिशत निर्माण कार्य स्वयं के रुपये से करा लेगा। इसके बाद विभाग द्वारा भौतिक सत्यापन किया जाएगा, जिसकी रिपोर्ट मय फोटोग्राफी के शासन को भेजी जाएगी, इसके बाद लाभार्थी के खातों में धनराशि भेजी जाएगी।