ललितपुर। अब चार तहसीलों तालबेहट, मड़ावरा, महरौनी और पाली में नए फायर स्टेशन बनेंगे। इनकी स्थापना के लिए शासन से स्वीकृति मिलने के साथ कार्यदायी संस्था भी नामित हो गई है। जल्द ही फायर स्टेशन का निर्माण शुरू हो जाएगा।
पांच तहसील और 415 ग्राम पंचायतों वाला जनपद 5039 वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल में फैला है। करीब 15 लाख यहां की आबादी है। अभी सिर्फ एक फायर स्टेशन है, जो ललितपुर मुख्यालय पर है। इसके जरिये ही पूर्व की दिशा में 70 किलोमीटर, पश्चिम में 75 किलोमीटर, उत्तर में 65 और दक्षिण में करीब 110 किलोमीटर दूर तक आपात सेवाएं प्रदान की जाती हैं। ज्यादा दूरी के कारण कई गांवों में आग लगने की घटना होने पर फायर ब्रिगेड वाहन समय से नहीं पहुंच पाते और जब तक पहुंचते हैं, तब तक काफी नुकसान हो चुका होता है।
इन परिस्थितियों को देखते हुए चार तहसीलों तालबेहट, मड़ावरा, महरौनी और पाली में नए फायर स्टेशनों की स्थापना का प्रस्ताव बनाकर भेजा गया था। अब शासन से स्वीकृति मिल गई है। तहसील तालबेहट और मड़ावरा में कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विस (जल निगम), तहसील महरौनी में पुलिस आवास निगम लिमिटेड और तहसील पाली में ग्रामीण अभियंत्रण विभाग ललितपुर निर्माण करेगा।
ब्लाॅक जखौरा व बिरधा में भी बनेंगे : तहसील स्तर पर फायर स्टेशन के निर्माण की स्वीकृति मिलने के बाद ब्लॉक स्तर पर भी फायर स्टेशन बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पहले चरण में ब्लॉक जखौरा व बिरधा में फायर स्टेशन बनाने के लिए भूमि चिह्नित की जा रही है।
-
इस साल अब तक आग की 500 घटनाएं : जनपद में इस साल आग लगने की काफी घटनाएं हुईं। गर्मी के दिनों में सर्वाधिक रही। जनवरी से अब तक आग लगने की करीब 500 घटनाएं हुईं, इसमें 23 जीवन रक्षक कॉल भी दर्ज है, जिसमें लोगों की जान बचाई गई।
-
उपलब्ध फायर संसाधन
- 5500 व 2500 लीटर क्षमता का एक-एक फायर टेंडर
- 400 लीटर क्षमता का एक वाटर मिस्ट
- 5000 लीटर का एक फोम टेंडर
- दो बोलेरो कैंपर
- दो बुलेट बाइक
अग्निशमन सेवाओं के विस्तार की आवश्यकता को देखते हुए तहसील स्तर पर नए फायर स्टेशनों की स्थापना के लिए शासन से स्वीकृति मिल गई है। ब्लॉक स्तर पर भूमि चिह्नित कर अधिग्रहण की कार्रवाई प्रचलित कर दी गई है।
- तबारक हुसैन, मुख्य अग्निशमन अधिकारी