ललितपुर। एक ओर नगर पालिका परिषद कचरामुक्त शहर की स्टार रेटिंग की दावेदारी कर रहा है, वहीं, दूसरी तरफ शहर के अधिकांश पार्क व उसके आसपास के स्थान ही साफ-सुथरा नहीं रह पा रहे हैं। इनमें सुपर मार्केट व नझाई बाजार की हालत खस्ता है। यहां के पार्क इसकी गवाही दे रहे हैं। विवेकानंद पार्क में कचरा फैला है। ऐसे में स्वच्छता सर्वेक्षण में स्टार रेटिंग की दावेदारी पर असर पड़ना तय है।
शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए लाखों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। नगर पालिका में 218 संविदा, 257 आउटसोर्सिंग कर्मी, 71 स्थायी सफाई कर्मचारी कार्यरत हैं। कचरा उठाने के लिए मैजिक, आपे, रिफ्यूज कांपेक्टर, ट्रैक्टर ट्राली, लोडर, टाटा वाहनों का इंतजाम किया गया है। इसके बाद भी शहर के कई हिस्सों में सफाई की समस्या बनी हुई है। कुछ सभासद भी कराए जा रहे सफाई कार्य पर अपनी नाराजगी प्रकट कर चुके हैं। नझाई बाजार व सुपर मार्केट में सफाई की समस्या है। इस वजह से यहां के पार्कों को स्वच्छ और सुंदर बनाना पालिका के लिए चुनौती बन गया है। नझाई बाजार स्थित विवेकानंद पार्क सब्जी मंडी के बीच में बना है। पार्क के मुख्य गेट पर अतिक्रमण है। वहीं, पार्क की दीवाल से सटकर कचरा फेंका जा रहा है। पहले कचरा एक जगह डालने के लिए कंटेनर रखवाया गया था, जब समस्या का निवारण नहीं हुआ तो विभाग ने कंटेनर हटा लिया। इस कारण दोपहर में यह क्षेत्र डंपिंग स्थल नजर आता है। इस समस्या से स्थानीय दुकानदार बेहद परेशान हैं। कई बार शिकायतें कर चुके हैं, लेकिन कोई स्थाई समाधान नहीं हो सका है। विभागीय अधिकारियों ने इस दरकिनार कर कचरामुक्त शहर की स्टार रेटिग की दावेदारी कर दी है, जो चर्चा का विषय बन गया है।
ये हैं मानक
शहर को कचरा मुक्त बनाने और उनमें प्रतिस्पर्धा की भावना लाने के मकसद से स्टार रेटिंग शुरू की गई है। इसके तहत डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन, स्रोत पर ही सूखा और गीला कचरा अलग-अलग करना, गलियों में किसी भी प्रकार का कचरा दिखाई नहीं देना, एमआरएफ (मटैरियल रिकवरी फैसलिटी) सेंटर, डंप साईट का उपचार, विभिन्न स्थानों रखे कंटेनरों को हटाना शामिल है।
स्वच्छ सर्वेक्षण में होगी निगेटिव मार्किंग
स्वच्छ सर्वेक्षण में इस बार निकायों के लिए बेहतर रेटिंग पाना आसान नहीं होगा। इसमें निगेटिव मार्किंग रखी गई है। यदि मौके पर प्रोफाइल के आधार पर सही स्थिति नहीं मिलती है तो सर्वेयर उनके नंबर काट सकते हैं, जिससे रेटिंग फिसल सकती है।
नझाई बाजार में कचरा फैलने की शिकायत कई स्तर पर कर चुके हैं। इनमें आईजीआरएस से लेकर नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को अवगत करा चुके हैं, लेकिन समस्या का अब तक निवारण नहीं हो सका है। पहले कंटेनर रख दिया गया था, अब उसे हटा दिया गया। लेकिन, कचरा फैलने की समस्या जस की तस बनी है।
- रोहित साहू
जब भी कचरा फैलने की शिकायत की जाती है, उसके एक दो दिन सफाई रहती है। इसके बाद दोबारा कचरा फैलने लगता है। कुछ आसपास के दुकानदार तो कचरा फैलाते ही हैं, साथ ही सफाई कर्मी भी पीछे नहीं रहते हैं। इस वजह से कचरे की समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।
- शीलचंद्र जैन
नझाई बाजार में कचरा की समस्या से निपटने के लिए शीघ्र ही दुकानदारों की बैठक बुलाई जाएगी। इसमें दुुकानदारों का सुझाव व तत्पश्चात निर्देश जारी किए जाएंगे।
- संदीप कुमार, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक, नगर पालिका परिषद