कैप्सन - कड़ेसराकलां के शीतला माता मंदिर में पसरा सन्नाटा
- फोटो : TALDEHATE
तालबेहट/ कड़ेसराकलां। चैत्र नवरात्र के पहले दिन नगर एवं आसपास के गांवों में बने देवी मंदिरों में सन्नाटा पसरा रहा। इक्का - दुक्का महिलाएं ही माता मंदिर पर दर्शन के लिए गईं। वहीं, मेहरावन माता मंदिर और बारिया वाले माता मंदिर पर भीड़ रही।
इस समय कोरोना वायरस से बचाव के लिए सोशल डिस्टेंस बनाए रखने पर जोर दिया जा रहा है। लेकिन, कुछ लोग इस निर्देश को नजर अदांज करते हुए मानव जीवन के लिए खतरा पैदा करने का काम कर रहे हैं। लोगों की भीड़ कम करने के लिए सरकार ने प्रमुख धार्मिक स्थलों पर पहले की तालाबंदी कर दी है, जिसमें कुछ मंदिर तो ऐसे हैं, जिनमें भीड़ पर पाबंदी लगाने की ओर ध्यान नहीं दिया गया।
नवरात्र पर मंदिरों में न जाकर घर पर ही पूजा - अर्चना करने की बात का भी कुछ लोगों पर कोई असर नहीं हुआ। नवरात्र के पहले दिन नगर के बारिया वाले माता मंदिर तथा पूराकलां मार्ग स्थित मेहरावन माता मंदिर पर भी सुबह के समय महिलाओं एवं देवी भक्तों की भीड़ दिखी। जबकि अन्य मंदिरों पर पूरे दिन सन्नाटा पसरा रहा। सिद्ध क्षेत्र देवामाता और माताटीला स्थित मां मालिनी देवी मंदिरों पर भी सन्नाटा पसरा रहा।