संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। राष्ट्रीय खेल दिवस पर स्टेडियम में चल रही जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में बृहस्पतिवार को 14 वर्षीय बालक हाॅकी प्रतियोगिता आयोजित की गई। छह हाॅकी टीमों ने प्रतिभाग किया। फाइनल मैच लाइफ विजन की टीम ने जीता।
बृहस्पतिवार को 14 वर्षीय बालक हाॅकी प्रतियोगिता हुई। अलग-अलग विद्यालयों की छह टीमों ने प्रतिभाग किया। मुख्य अतिथि हेमंत जैन रोंड़ा अध्यक्ष जिला हाॅकी संघ, विशिष्ट अतिथि शत्रुघ्न यादव, वरिष्ठ हाॅकी खिलाड़ी ताहिर बेग, फहीम इकबाल बेग, इशराक खान, आर्यन जैन, सचिन वाल्मीकि ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण किया। टीमों के खिलाड़ियों से परिचय लिया। पहले सेमीफाइनल मैच में स्पोर्ट स्टेडियम ए की टीम को दूसरी टीम के न आने पर विजेता घोषित किया गया। दूसरा सेमीफाइनल मैच लाइफ विजन एकेडमी और स्टार क्लब के बीच खेला गया। लाइफ विजन की टीम 2-0 गोल से विजयी रही।
इसके बाद फाइनल मैच स्पोर्ट स्टेडियम ए और लाइफ विजन के बीच खेला गया। लाइफ विजन के खिलाड़ी पहले हाफ से ही विपक्षी टीम पर हावी रहे और लगातार विपक्षी गोल पोस्ट पर हमला करते रहे। नतीजा यह रहा कि पहले हाफ में लाइफ विजन की टीम 1-0 गोल से आगे रही। दूसरे हाफ में लाइफ विजन एकेडमी की टीम ने पहले हाफ की तरह ही आक्रामक हॉकी खेली और विपक्षी टीम के खिलाड़ियों को गेंद के लिए छकाते रहे। दूसरे हाफ में भी एक और गोल करके अपनी बढ़त 2-0 कर ली। निर्धारित समय में लाइफ विजन की टीम 2-0 से जीतने में सफल रही। इस प्रकार टीम ने खिताब अपने नाम किया। निर्णायक की भूमिका में फहीम इकबाल बेग, इशराक खान, सचिन बाल्मिकी, अजरूद्दीन, अंकुर सहरावत, दिव्या रिछारिया, राजेश, अभिषेक कुमार रहे। इस दौरान लक्ष्मण, मनोज कुशवाहा, विकास आदि मौजूद रहे।
आज होगी वालीबॉल और बास्केटबाल प्रतियोगिताएं
जिला क्रीड़ा अधिकारी रेखा रावत ने बताया कि शुक्रवार से जिला स्तरीय 18 वर्षीय जूनियर (बालक) वालीबाल व बास्केटबाल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।