परीक्षा से संबंधित जानकारी देने के लिए एक नवंबर को जीआईसी में होगा प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जिले में नौ नवंबर को राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित परीक्षा होगी। इसमें शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं को परीक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी देने के लिए एक नवंबर को राजकीय इंटर कॉलेज में एकदिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम होगा।
राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए 24 सितंबर को ऑनलाइन आवेदन किए गए थे। परिषदीय व सहायता प्राप्त विद्यालयों में कक्षा आठवीं में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के लिए यह परीक्षा है। इसके बाद चयनित छात्रों को कक्षा 9 से 12 तक प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये छात्रवृत्ति दी जाती है।
डीआईओएस ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि परीक्षा की तैयारी की जा रही है। परीक्षा को शांतिपूर्ण और सकुशल तरीके से कराने के लिए शिक्षा विभाग तैयारियों में जुटा हुआ है। प्रशिक्षण कार्यक्रम दोपहर 12 से 2 बजे तक चलेगा। इसमें विषय विशेषज्ञों की ओर से परीक्षा को लेकर आवश्यक जानकारी दी जाएगी।