संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। थाना नाराहट क्षेत्र के ग्राम इमलियाकलां में शोहदों से परेशान युवती द्वारा सुसाइड नोट लिखकर आत्महत्या करने के मामले में पुलिस अधीक्षक ने नाराहट थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया है और विभागीय जांच शुरू कर दी है।
थाना नाराहट क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने गांव के ही शोहदों से परेशान होकर सोमवार की शाम को बाड़े में गले में दुपट्टा से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इससे पहले युवती ने दो पन्नों का सुसाइड नोट लिखा था, जो उसके पास से मिला था। उसने शोहदों द्वारा तीन माह से रास्ते में रोककर परेशान करने और विरोध करने पर धमकी देने सहित अन्य बातों का उल्लेख किया था। शोहदे उसे मंदिर जाते समय पहले भी रास्ता रोककर परेशान करते थे और अपने साथ चलने की बात कहते थे।
सोमवार की शाम को युवतीा घर से निकल गई और कुछ देर बाद जब उसकी बड़ी बहन बाड़े में गई तो वहां टपरे में युवती का शव दुपट्टे से फंदे पर लटक रहा था। उसके पास मिले सुसाइड नोट में उसने गांव के इंद्रपाल, दीपू, मुली और भगुंती को मंदिर आते-जाते समय रास्ते में रोककर परेशान करने और विरोध करने पर परिजनों से मारपीट की धमकी देने से परेशान होकर आत्महत्या करने की बात लिखी थी।
इससे पहले भी आठ अप्रैल को जवारे विर्सजन के दौरान आरोपियों ने उसे परेशान किया था, जिसकी शिकायत के बाद भी थाना पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की थी। पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक ने बताया कि जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्वक निस्तारण न करने और महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम में शिथिलता बरतने के आरोप में प्रभारी निरीक्षक थाना नाराहट प्रमोद कुमार को निलंबित किया गया है। उनकी विभागीय जांच शुरू कर दी है।