फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lalitpur News: गड्ढों में तब्दील हुआ नाराहट–जामनी बांध मार्ग

विज्ञापन
विज्ञापन
14 किमी का सफर तय करने में लग रहा एक घंटा, पैचवर्क भी हुआ बेअसर
विज्ञापन

डोंगराखुर्द (ललितपुर)। महरौनी विधानसभा क्षेत्र का महत्वपूर्ण नाराहट–जामनी बांध मार्ग इन दिनों बदहाल स्थिति में है। करीब दो वर्ष पहले सड़क का नवीनीकरण कराया गया था लेकिन वर्तमान में यह मार्ग गड्ढों में तब्दील हो चुका है। दो माह पूर्व कराया गया पैचवर्क भी टिक नहीं पाया।
इस मार्ग से लगभग आधा सैकड़ा गांवों के करीब 20 हजार लोगों का आवागमन होता है। हालत यह है कि चारपहिया वाहन तो दूर, दोपहिया वाहन चलाना भी जोखिम भरा हो गया है। 14 किलोमीटर का यह सफर तय करने में वाहन चालकों को लगभग एक घंटा लग रहा है। सोमवार से विधानसभा सत्र शुरू हो रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या क्षेत्रीय विधायक व प्रदेश सरकार में श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ इस जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे को सदन में उठाएंगे।
विज्ञापन

-
झांसी–सागर हाईवे से जोड़ने वाला अहम मार्ग
झांसी–सागर हाईवे से मदनपुर और मड़ावरा को जोड़ने वाला यह मार्ग क्षेत्र की जीवनरेखा माना जाता है। लगभग 14 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं, कई स्थानों पर सड़क धंस चुकी है। गड्ढों से बचने के प्रयास में बाइक सवार गिरकर घायल भी हो रहे हैं, वहीं लगातार झटकों से वाहन चालकों को कमर दर्द जैसी समस्याएं हो रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण के कुछ ही समय बाद बारिश के कारण सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी, लेकिन इसके बाद समुचित मरम्मत नहीं कराई गई। खराब सड़क के चलते राहगीरों को करीब 30 किलोमीटर घूमकर मध्य प्रदेश के मालथौन से होकर टोल टैक्स देकर गंतव्य तक पहुंचना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी हो रही है।
-
बस यात्रियों और स्कूली बच्चों को हो रही परेशानी
ललितपुर से जामनी बांध, धौर्रा राजघाट और जखौरा तक लगभग एक दर्जन बसों के परमिट हैं, जिनका संचालन इसी मार्ग से होता है। इन बसों में ग्रामीणों के साथ-साथ स्कूली बच्चे भी यात्रा करते हैं। बड़े-बड़े गड्ढों और दलदली सड़क के कारण बसों में सफर करना अत्यंत कष्टदायक हो गया है। यात्रा में पहले की तुलना में दोगुना समय लग रहा है।
विज्ञापन

-
फैक्ट फाइल
सड़क की लंबाई : 14 किमी
जुड़े गांव : 50 से अधिक
प्रभावित आबादी : लगभग 20 हजार
प्रतिदिन वाहनों का आवागमन : करीब 2000

इन गांवों के लोग होते हैं सबसे ज्यादा प्रभावित
इस मार्ग से गोना, संखरी, जमोरा, बम्हौरी, नयागांव, जिलौनी, इमलिया, झरवटा, बगौनी, बड़गाना, बैरवारा, ककरूआ, बछरई, मकरीपुर, ललितापुर, महाराजपुरा, बनयाना, अर्जुनखिरिया, नाराहट, दिगवार, डोंगराखुर्द, दौलतपुर, पारौल, बरखेरा, नीमखेरा, दिदोनिया, पटना, बरोदिया, सिगरवारा, गुरयाना देवरी, चांदोरा, गुढ़ा, खिरिया, बरेजा तरावली, धौलपुरा, गदोरा, देनपुरा, भोटा, गदनपुर, पिपरट, बहादुरपुर सहित अनेक गांवों का आवागमन होता है।
-
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की प्रतिक्रिया
फोटो- 02
नाराहट–जामनी बांध मार्ग की हालत अत्यंत दयनीय है। इसे दो लेन बनाए जाने के लिए लगातार पत्राचार किया जा रहा है।
चंद्रदीप रावत, ब्लॉक प्रमुख मड़ावरा

फोटो- 03
सड़क चौड़ीकरण को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र भेजा गया है। प्रयास है कि जल्द निर्माण कार्य शुरू हो, ताकि लोगों को राहत मिले।
मनोज कुशवाहा, जिला पंचायत सदस्य, नाराहट
-
फोटो- 04
14 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर कदम-कदम पर गहरे गड्ढे हैं। ब्लॉक प्रमुख सहित कई ग्राम प्रधानों के माध्यम से शासन-प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है।
बृजकिशोर तिवारी, वरिष्ठ नेता भाजपा

सड़क का नवीनीकरण दो वर्ष पूर्व कराया गया था। अगली कार्ययोजना में इसे सात मीटर चौड़ा करने का प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा।
रोहित त्रिपाठी, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग

विधानसभा सत्र के दौरान विभागीय मंत्री और मुख्यमंत्री को पत्र के माध्यम से अवगत कराते हुए सड़क निर्माण का अनुरोध किया जाएगा।
मनोहर लाल पंथ, क्षेत्रीय विधायक व राज्यमंत्री
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें