मड़ावरा ब्लाक में नामांकन पत्रों की खरीद के लिए लगी भीड़।
- फोटो : LALITPUR
मड़ावरा (ललितपुर)। होली का त्योहार गुजरने के बाद पंचायत चुनावों की सरगर्मियां एक बार फिर से तेज हो गईं। बुधवार को विकासखंड मड़ावरा में नामांकन पत्रों की बिक्री में काफी तेजी देखने को मिली। नामांकन प्रक्रिया को सहज और सरल बनाए जाने के लिए चुनाव आयोग द्वारा नामांकन प्रक्रिया में लगाए गए सभी कार्मिकों के अवकाश निरस्त कर दिए गए। पर, अधिकारियों के मुख्यालय से गायब रहने से नामांकन के लिए आवश्यक नोड्यूज एवं परिवार रजिस्टर की नकल के लिए उम्मीदवार परेशान होते नजर आए।
-----
कोविड गाइड लाइन का हो रहा उल्लंघन
मड़ावरा (ललितपुर)। विकास खंड मुख्यालय पर नामांकन पत्रों की बिक्री के दौरान कोविड गाइड लाइन का अनुपालन नहीं किया जा रहा है। वैसे तो प्रत्येक न्याय पंचायत के लिए अलग-अलग काउंटर लगाए गए हैं, लेकिन काउंटर पर सैनिटाइजेशन का कोई इंतजाम नहीं है। साथ ही कार्मिकों एवं खरीददारों द्वारा मास्क का उपयोग भी नहीं किया जा रहा है।
----
नामांकन पत्र जमा करने के लिए ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत एवं जिला पंचायत द्वारा जारी अदेय प्रमाण पत्र की जरुरत है लेकिन बुधवार तक जिला पंचायत के अलावा कर्मचारियों के गायब रहने से नोड्यूज के लिए अन्य कोई काउंटर संचालित नहीं हो सके।
- ब्रगभान सिंह, रमगढ़ा
तहसीलदार द्वारा दिए जाने वाले नोड्यूज एवं पुलिस द्वारा दिए जाने वाले चरित्र प्रमाण पत्र के नाम पर परेशान किया जा रहा है। ग्रामीणों को नामांकन पत्र भरने में आवश्यक दस्तावेजों एवं अन्य जानकारी के लिये हेल्पडेस्क संचालित किए जाने की जरूरत है।
- दिनेश श्रीवास्तव, वरिष्ठ अधिवक्ता
-----
पंचायत सेक्रेटरी होली के त्योहार पर अवकाश पर हैं जो शाम तक लौट आएंगे।
- दीपेंद्र पांडेय, खंड विकास अधिकारी मड़ावरा