जिला सांस्कृति कार्यक्रम में विजेता को पुरस्कार देते अतिथि
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम में कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का हुनर दिखाया। इसमें नगर पालिका बालिका इंटर कॉलेज की टीम विजेता रही।
राजकीय इंटर कॉलेज में कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला सूचना अधिकारी पीयूष चंद्र राय ने किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में महिला लोकगीत व लोकनृत्य में नगर पालिका बालिका इंटर कॉलेज की टीम को विजेता व विकासखंड मड़ावरा की टीम को उपविजेता, पुरुष लोकगीत व लोकनृत्य में जीआईसी ललितपुर की टीम को विजेता व विकासखंड बिरधा की टीम को उपविजेता, एकल हारमोनियम में शिवानी झां को विजेता, महिमा पाराशर को उपविजेता, एकल तबला वादन में शिवम झां को विजेता, विशाल को उपविजेता घोषित किया गया।
निर्णायक की भूमिका सहायक निदेशक मत्स्य बी लाल व जिला प्रोवेशन अधिकारी सुरेंद्र कुमार पटेल ने निभाई। विजेता एवं उपविजेता टीम को मुख्य अतिथि ने प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार वितरित किए। इस दौरान प्रधानाचार्य राजेंद्र कुमार त्रिपाठी, बीओ गोविंद दास अहिरवार आदि मौजूद रहे। संचालन व्यायाम प्रशिक्षक युवा कल्याण विभाग राजीव कुमार उपाध्याय व आभार जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी बृजेंद्र कुमार ने जताया।