ललितुपर। जिला अस्पताल में कार्यरत संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी की मौत के बाद उसक ी कोरोना पॉजिटिव होने की रिपोर्ट आने पर जिला प्रशासन ने मोहल्ला नदीपुरा को हॉटस्पॉट में तब्दील कर दिया है। इसके आसपास के क्षेत्र को भी सील किया गया है। यहां पर बैरीकेटिंग लगाकर आवाजाही पूरी तरह से बंद कर दी गई है। मृतक कोरोना मरीज इसी क्षेत्र का निवासी था।
शहर के मोहल्ला नदीपुरा में कोरोना वायरस संक्रमण का पहला मामला पाया गया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर मोहल्ले के आसपास के मोहल्लों को भी सील किया गया है। यहां पर किसी भी व्यक्ति को आने-जाने की इजाजत नहीं हैै।
जिस मोहल्ले में कोरोना संक्रमित व्यक्ति की मौत हुई है उस मोहल्ले को पूरी तरह से सैनिटाइज किया जाएगा। साथ ही घर के आसपास के लोगों की जांच की जाएगी। यहां पर अधिक से अधिक लोगों के सैंपल जांच को भेजे जाएंगे। संपर्क में आने वाले लोगों को भी चिह्नित किया जा रहा है। इसके बाद संपर्क में आने वाले लोगों की जांच कराई जाएगी। घर में आने वाले सभी लोगों की कुंडली भी खंगाली जा रही है, जिससे संक्रमण को रोका जा सके।
--------
नदीपुरा व आसपास के क्षेत्र को सील कर दिया है। कोरोना पॉजिटिव मृतक व्यक्ति के संपर्क में आने वाले लोगों के सैंपल लेकर क्वारंटीन किया जाएगा। मोहल्ले को सैनिटाइज कराया जाएगा। घर-घर जांच कराई जाएगी।
योगेश कुमार शुक्ल, जिलाधिकारी
---------
शासन के निर्देशन पर बैरीकेडिंग पर पुलिस बल तैनात कर दिया है। अब किसी को आने-जाने की अनुमति नहीं है।
संजय शुक्ला, प्रभारी निरीक्षक, शहर कोतवाली
---------
जमाती मिलने पर पहले किया गया था सील
नदीपुरा मोहल्ले में ही निजामुद्दीन मरकज की तब्लीगी जमात में शामिल हुए कुछ लोग बीते महीने में पाए गए थे। इससे प्रशासन ने आनन-फानन में मोहल्ले को बैरीकेडिंग लगाकर सील कर दिया था। तब्लीगी जमात में शामिल लोगों को स्वास्थ्य विभाग ने क्वारंटीन में लेकर सैंपल जांच को भेजे गए थे। जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद सभी को क्वारंटीन किया गया था। यह बैरीकेडिंग आठ मई को ही हटाई गई और जैसे ही मरीज मिलने की सूचना मिलने पर पुन: इसे लगाकर सील कर दिया गया है।
निरीक्षण कर रहे एसडीएम बोले-लोग घरों में रहे, सुरक्षित रहें
ललितपुर। शहर के मोहल्ला नदीपुरा निवासी संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी की मौत और रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद स्थानीय प्रशासन द्वारा मोहल्ले को सील करा दिया गया है। शनिवार की शाम करीब साढ़े चार बजे उपजिलाधिकारी सदर गजल भारद्वाज एवं क्षेत्राधिकारी सदर केशवनाथ ने पुलिस बल के साथ मोहल्ले में पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने हॉटस्पॉट का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यहां किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लोग अपने घरों में रहें, सुरक्षित रहें। जिलाधिकारी के निर्देश पर पुलिस प्रशासन द्वारा मोहल्ले को सील कराया गया और मोहल्ले के चारों ओर बैरीकेडिंग कराई गई। आसपास पुलिस कर्मचारी तैनात कर दिए गए हैं।
चार लोगों को मिली शव दफनाने की इजाजत
मोहल्ला नदीपुरा निवासी कोरोना पॉजीटिव मृृतक को सुपुर्द-ए- खाक करने के लिए चार लोगों को शामिल होने की इजाजत मिली है। यह सभी लोग मेडिकल कॉलेज झांसी में उक्त व्यक्ति के साथ उपचार के दौरान साथ में थे। उन्हीं लोगों को इजाजत दी गई है। देर शाम को मृतक का शव झांसी से आने के बाद नदीपुरा स्थित इमामी कब्रिस्तान ले जाया गया, जहां सीओ सिटी और शहर कोतवाल समेत पुलिस फोर्स तैनात रहा।