ललितपुर। कोतवाली महरौनी अंतर्गत गांव अगौरा में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने चार माह पूर्व ससुरालियों द्वारा मारपीट के बाद से बीमार होने के आरोप लगाए हैं। सूचना पर पहुंची महरौनी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
महरौनी क्षेत्र के गांव अगौरा निवासी भगवान दास पुत्र सुक्कन (24) पांच माह से बीमार चल रहा था। रुपये खत्म होने पर वह दिल्ली में मजदूरी करने गए माता पिता के पास चला गया। जहां दो दिन पहले उसकी हालत अधिक खराब होने लगी। माता पिता उसे दिल्ली से ललितपुर ला रहे थे, लेकिन ग्वालियर तक आते ही उसकी मौत हो गई। जिस पर परिजन उसके शव को गांव ले गए और महरौनी पुलिस को सूचना दी।
जिस पर महरौनी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई राजू ने बताया कि उसके भाई भगवानदास की शादी दो वर्ष पहले टीकमगढ़ क्षेत्र के बड़ागांव अंतर्गत ग्राम ककरवाहा में हुई थी। पांच माह पूर्व उसकी पत्नी पुष्पा किसी बात से नाराज होकर मायके चली गई और वापस नहीं लौट रही थी। दो अगस्त 2022 को भगवानदास पत्नी को लेने मायके गया था, लेकिन ससुरालियों ने उसे भेजने से मना कर दिया और उससे मारपीट की थी।
भाई ने आरोप लगाया कि ससुरालियाें द्वारा मारपीट करने के बाद से ही भगवानदास बीमार चल रहा था और बृहस्पतिवार को दिल्ली से लौटने के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की संतान नहीं है। वह दो भाई व एक बहन में सबसे छोटा था।