आबकारी विभाग का दावा, घर में शराब बेचते वक्त पकड़ा था महिला को
परिवार वाले बोले- किसी के कहने पर घर में घुस आई थी टीम
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। एक युवक अपनी पत्नी को बेगुनाह बताते हुए अफसरों के आगे गिड़गिड़ाता रहा। कहता रहा कि उसके घर में कोई शराब का काम नहीं करता। युवक ने कहा कि अगर उसकी पत्नी पर कार्रवाई होगी तो पूरे गांव में बेइज्जती हो जाएगी। लेकिन टीम नहीं मानी। आबकारी वालों का कहना था कि उसकी पत्नी अवैध शराब की बिक्री करती है। जब युवक को लगा कि अब टीम उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लेगी तो उसने जहर खाकर जान दे दी।
शनिवार को थाना जखौरा के अंतर्गत ग्राम लखनपुरा निवासी जालम राय (45) ने घर में जहर खा लिया। परिजन उसे लेकर झांसी मेडिकल कालेज आए। यहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार और आसपास के लोगों ने बताया कि उनके घर आबकारी विभाग की टीम ने दबिश दी थी।आबकारी वालों का कहना था कि जालम राय की पत्नी नैना घर में कच्ची शराब बनाकर बेचती है। आबकारी विभाग की टीम नैना के खिलाफ कार्रवाई करने को लिखा-पढ़ी करने लगी।
इसी दौरान नैना का पति जालम राय भी यहां आ गया और आबकारी अफसरों से कहने लगा कि अगर उसकी पत्नी को गिरफ्तार करेंगे तो गांव में बड़ी बेइज्जती हो जाएगी। जालम राय का कहना था कि उनके घर में कोई शराब का काम नहीं करता है। किसी ने विभाग को गलत सूचना दी है। लेकिन आबकारी वाले नहीं माने। इस पर जालम राय ने जहर खा लिया।
जालम के जहर खाते ही आबकारी टीम के हाथ पांव फूल गए और उसे लेकर तत्काल जिला अस्पताल दौड़े। मगर वहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए झांसी मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। यहां जब जालम राय को लाया गया तो डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जालम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
क्षेत्राधिकारी सदर अभय नारायण ने बताया कि ग्राम लखनपुरा में एक महिला को घर में अवैध शराब बेचते हुए आबकारी की टीम ने पकड़ लिया था। अभी आबकारी टीम आरोपी महिला के खिलाफ कार्रवाई कर ही रही थी कि जालम ने जहर खा लिया। मामले की जांच कराई जा रही है।