किसान कर्ज माफी योजना 2017 के अंतर्गत लघु और सीमांत किसानों की कर्जमाफी के लिए किसान क्रेडिट कार्ड का आधार से लिंक होना अनिवार्य है। जिसे ध्यान में रखकर डीएम ने 17 से 19 तक आधार पंजीयन कैंप आयोजित कराने का निर्णय लिया है।
जिले में कर्जमाफी योजना से किसानों को लाभान्वित करने की प्रक्रिया चल रही है। लेकिन, तमाम किसानों के अभी तक आधार पंजीयन नहीं हो सके हैं, ऐसे में कई किसानों को योजना 2017 के लाभ से वंचित होना पड़ सकता है।
इसके मद्देनजर डीएम मानवेंद्र सिंह ने ऐसे किसानों के आधार पंजीयन के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि जनपद की समस्त तहसीलों के मुख्यालयों पर संबंधित एसडीएम की देखरेख में 17 से 19 जुलाई तक सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक किसान आधार पंजीयन कैंप लगाए जाएंगे। उन्होंने संबंधित तहसील के तहसीलदारों को कैंप के आयोजन के लिए संबंधित व्यवस्थाएं जैसे ऑपरेटर के लिए टेबिल, कुर्सी, बिजली व्यवस्था व स्थान सुनिश्चित करने के लिए कहा है। इस संबंध में उन्होंने इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करवाने के निर्देश भी जारी किए हैं।