ललितपुर। सीएमओ ने सोमवार को अरबन हेल्थ पोस्ट नेहरू नगर का औचक निरीक्षण किया, जहां सभी व्यवस्था ठीक ठाक मिलीं। सीएमओ ने अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को माह में एक बार हेल्थ पोस्ट के निरीक्षण के निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. सत्येंद्र कुमार ने सोमवार की सुबह साढ़े 10 बजे अरबन हेल्थ पोस्ट नेहरू नगर का निरीक्षण किया। इस दौरान पता चला कि 23 मई के बाद किसी भी अधिकारी ने हेल्थ पोस्ट का निरीक्षण नहीं किया। सीएमओ ने नोडल अधिकारी एनयूएचएम डा. अजय भाले, नोडल अधिकारी एनएचएम डा. डीसी दोहरे एवं नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. राजेश भारती को महीने में एक बार निरीक्षण के लिए निर्देशित किया। उपस्थिति पंजिका के अनुसार समस्त स्टाफ उपस्थित मिला। एएनएम रेखा रजनी का त्याग पत्र दिए जाने पर एएनएम की तैनाती की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
सीएमओ ने भ्रमण रजिस्टर और ओपीडी रजिस्टर आदि की जांच की। ओपीडी में 20 रोगियों को देखा जा चुका था। वार्ड में कोई भी रोगी भर्ती नहीं था। मेडिसिन तथा दैनिक दवा वितरण पंजिका के निरीक्षण में स्टाक बुक, डैड स्टॉक बुक व उपकरण स्टॉक बुक का भौतिक सत्यापन नहीं पाया गया, जिस पर चिकित्सा अधिकारी डा. अल्का वैश्य को निर्देशित किया गया।