ललितपुर। नगर निकाय और वर्ष 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। बीते दिनों लखनऊ में आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के महामंत्री हाजी इकबाल बेग ने भाग लिया। शिविर से वापस आने पर उन्होंने बताया कि चुनावों के मद्देनजर अल्पसंख्यकों को एकजुट कर पार्टी की नीतियों को उन तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मदरसों के सर्वे से मुसलमानों को चिंतित या डरने की जरूरत नहीं है।
लखनऊ में 14 से 16 सितंबर तक चले प्रशिक्षण शिविर में पूर्व कैबिनेट मंत्री मुख़्तार अब्बास नकबी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व उत्तर प्रदेश प्रभारी चौधरी जाकिर हुसैन, प्रदेश के अल्पसख्यंक कल्याण मंत्री धर्मपाल सिंह के अलावा दानिश आजाद अंसारी, कुंवर वासित अली, मोहसिन रजा, अमित वाल्मीकि, अनिल अंचल आदि ने भाग लिया। पार्टी के नेताओं ने उपस्थित कार्यकर्ताओं से 2024 के लोकसभा चुनाव और अन्य चुनाव को ध्यान में रखते हुए एकजुट रहने और पार्टी की नीतियों को अल्पसंख्यक समुदाय को पहुंचाने की अपील की।
शिविर में प्रदेश सरकार की मदरसों के सर्वे की स्कीम पर खास तौर पर रोशनी डाली गई। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने कहा कि सर्वे का काम मदरसों, मुस्लिम समाज खासकर मुस्लिम नौजवानों के हित में है। इससे मुसलमानों को चिंतित होने या डरने की जरूरत नहीं। इस सर्वे के आधार पर भविष्य में मदरसों के उत्थान संबंधी योजनाएं तैयार की जाएंगी और मदरसों को रोजगार परक शिक्षा का केंद्र बनाकर मुस्लिम छात्रों को इस प्रकार तालीम दी जाएगी कि वे रोजगार हासिल कर सकें। उन्होंने मुक़ामी मदरसा संचालकों, मौलवी और इमाम हजरात से अपील की कि उन्हें मदरसा संचालन और धार्मिक शिक्षा के काम में अगर कोई दिक्कत होती है तो वे उनसे या प्रशासन से मिलकर अपनी समस्या का समाधान करवा सकते हैं।