ललितपुर। बानपुर थाना क्षेत्र में मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले के ग्राम गुदनवारा निवासी टैक्सी चालक की हत्या का खुलासा कर दिया गया है। आरोपी ने पत्नी पर बुरी नजर रखने के कारण टैक्सी चालक को मौत के घाट उतारा था।
शनिवार को पुलिस लाइन सभागार में पत्रकारों से बातचीत करते हुए पुलिस अधीक्षक मो. इमरान ने टैक्सी चालक हत्याकांड का खुलासा किया है। साथ ही हत्या के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एसपी ने बताया कि श्रीकांत मिश्रा की हत्या ग्राम गुदनवारा निवासी राहुल तिवारी (24) ने अपने मित्र राममिलन दुबे (19) के साथ मिलकर की थी। हत्या के पीछे का कारण मृतक श्रीकांत मिश्रा का राहुल की पत्नी पर बुरी नजर रखना था। पूछताछ में राहुल ने बताया कि श्रीकांत काफी समय से उसकी पत्नी के पीछे पड़ा था, जिससे वह गांव छोड़कर टीकमगढ़ में रहने लगा था, लेकिन श्रीकांत ने टीकमगढ़ में रहना शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि श्रीकांत की आदतों से तंग आकर राहुल ने उसकी हत्या की योजना बनाई।
योजना मेें उसने दोस्त राममिलन को शामिल किया। घटना वाले दिन राममिलन ने श्रीकांत को फोन कर भाड़े पर भैंस ले चलने की बात कही। भाड़ा लेने के बहाने वह श्रीकांत को लेकर घटनास्थल पर पहुंचा, जहां राहुल पहले से मौजूद था। दोनों ने मिलकर श्रीकांत को धारदार बांका से काट डाला।
पुलिस को गुमराह करने के लिए उन्होंने घटनास्थल पर शराब व अन्य चीजें रख दी थी। मृतक के मोबाइल की सीडीआर निकाल कर स्वॉट व सर्विलांस प्रभारी देवी सिंह ने जांच शुरू की तो जांच में पुलिस राम मिलन दुबे तक पहुंची। इसके बाद मुख्य आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर लिया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक सुधा सिंह, प्रतिसार निरीक्षक शिवराम सिंह आदि उपस्थित रहे।
टीम को मिलेगा पुरस्कार
पुलिस अधीक्षक मो. इमरान ने हत्याकांड का खुलासा करने वाली टीम को ढाई हजार रुपये नकद पुरस्कार की घोषणा की है। टैक्सी चालक हत्याकांड का खुलासा करने वाली टीम में स्वॉट प्रभारी देवी सिंह, एसआई बानपुर नरेंद्र कुमार, संतोष कुमार, एचपी बुधौलिया, रवींद्र कटियार, संजय सिंह, संजीव शर्मा, शफीक, दीपक सिंह, कप्तान सिंह, रविंद्र प्रताप सिंह, चरन सिंह और भूपेंद्र सिंह शामिल रहे।