मड़ावरा/ललितपुर। थाना गिरार के अंतर्गत ग्राम हनुुमतगढ़ में आठ दिन पहले विवाद के दौरान मारपीट में घायल ग्रामीण की उपचार के दौरान मौत होने पर परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा लिखने की मांग को लेकर शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। मामले को लेकर इन लोगों ने शव रखकर काफी देर तक हंगामा किया। गिरार पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया, इसके बाद परिजनों ने मृतक का अंतिम संस्कार किया।
थाना गिरार के अंतर्गत ग्राम हनुमतगढ़ में 26 दिसंबर 2020 को शाम को हरीराम (40) पुत्र नंदू कुुशवाहा, छोटेलाल और जेड बाबू का घर के सामने लकड़ी रखने को लेकर दूसरे पक्ष के गांव के ही करन, रामसिंह पुत्रगण छंदू, अनंदी पुत्र सुनवां, छोटे, गब्बर पुत्र अनंदी एवं छंदू का दमाद आदि से विवाद हो गया था, इन लोगों द्वारा हरीराम, छोटेलाल व जेड बाबू के साथ मारपीट की गई थी। जिसमें तीनों को गंभीर चोटें आई थीं। इस मामले में हरीराम की हालत गंभीर होने पर उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया था, लेकिन उसकी हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे झांसी और वहां से उसे ग्वालियर रेफर कर दिया था। उपचार के दौरान हरीराम की रविवार को मौत हो गई, ग्वालियर में ही उसका पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजन उसका शव लेकर सोमवार की सुबह गांव पहुंच गए, जहां परिजनों व ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराने की मांग को लेकर गांव में शव रखकर हंगामा काटा और मुकदमा नहीं लिखने तक अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। इसकी जानकारी मिलने पर थाना गिरार पुलिस मौके पर पहुंच गई और मुकदमा लिखने की कार्रवाई का आश्वासन दिया। जिसके बाद परिजनों ने शव को लेकर अंतिम संस्कार किया।
----------------------
सात आरोपियों पर दर्ज हुआ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा
थाना गिरार अंतर्गत ग्राम हनुमतगढ़ निवासी शीला पत्नी हरीराम कुशवाहा ने गिरार थाना पुलिस ने तहरीर देकर बताया कि बीते 26 दिसंबर को गांव के करन, रामसिंह पुत्रगण छंदू, छंदू, अनंदी पुत्रगण सुुनुंवा, छोटेला, गब्बर पुत्रगण अनंदी एवं छंदू का दमाद निवासी जैतपुरा आदि लोगों ने लाठी डंडों, कुल्हाड़ी एवं फरसा आदि घातक हथियारों से पूर्व की रंजिश को लेकर उसके पति हरीराम, जेड बाबू एवं देवर को मारापीटा था, जिससे उन्हें काफी चोटें आईं। 30 दिसंबर को गिरार थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं मेें मुकदमा दर्ज कर लिया था। अब गिरार थाना पुलिस ने घायल हरीराम की मौत होने पर सोमवार की सुबह हंगामे के बाद आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
----------
इस मामले में आरोपियों के खिलाफ गैरइरादतन हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि दो आरोपियों को और गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
आनंद पांडेय, थानाध्यक्ष गिरार।