जखौरा थानांतर्गत जमौरा माफी गांव में सोमवार को हुई किसान की हत्या के मामले में पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि पत्नी के साथ मृतक को बात करते देख उसने कुल्हाड़ी और पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त आलाकत्ल भी बरामद कर लिया है।
गौरतलब हो कि जमौरा माफी गांव निवासी राजाराम पुत्र रामरत अहिरवार सोमवार की शाम घर से किसी काम की बात कहकर निकल गया। इसी दौरान रास्तेे में गांव के ही राकेश पुत्र हरपू ने कुल्हाड़ी व पत्थर से हमला कर हत्या कर दी थी। पुलिस ने मृतक के छोटे भाई राजेश की तहरीर पर आरोपी राकेश के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। मंगलवार की रात मुखबिर से सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विजय सिंह ने अधीनस्थों के साथ पिपरा बस स्टैण्ड पर जा पहुंचे। जहां भागने की फिराक में खड़े आरोपी को पुलिस ने घेरा बंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि सोमवार देर शाम जब वह खेत से घर आया, जहां उसने घर के अंदर राजाराम को पत्नी से हस-हस के बातें करते देख वह आक्रोशित हो गया। आरोपी को पूर्व से ही मृतक के चरित्र पर शक था। जिसके चलते उसने कुल्हाड़ी के बट से हमला कर दिया। यह देख राजाराम उसके घर से भाग निकला। आरोपी भी उसका पीछा करता हुआ गांव में जा पहुंचा जहां उसने रास्ते में पड़े एक पत्थर के टुकड़े से हमला कर दिया। जिससे राजाराम की मौत हो गई। आरोपी हत्या करने के बाद मृतक के घर जा पहुंचा जहां उसने मृतक के भाईयों को जान से मारने की धमकी दी और भाग गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर आलाकत्ल बरामद कर उसे जेल भेज दिया है।
दुकान का बोर्ड उतारने पर दी जान से मारने की धमकी
शहर कोतवाली अंतर्गत दुकान से बोर्ड उतारने की रंजिश को लेकर गाली-गलौज करने और धमकी देने के आरोप में पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कैलगुंवा रोड निवासी पंकज जैन पुत्र आशोक कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह स्टील का व्यापार करता है। पूर्व में यह व्यापार आलोक समैया व मनोज उर्फ सप्पू समैया करते थे। जानकारी होने पर कंपनी के लोगों ने मौके पर आकर उक्त लोगों की दुकान में छापामार कर चोरी का अन्य सामान बरामद किया था। इसके बाद कंपनी ने स्टील की एजेंसी उसे दे दी। इसके बाद 14 दिसंबर को आरोपियों की दुकान पर लगा कंपनी का बोर्ड उतरवा लिया। जिसकी जानकारी होने पर आरोपियों ने उसे फोन कर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दे डाली। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर में यह भी बताया िकि आरोपी सप्पू समैया के पास सरिया कंपनी की एजेंसी थी। लंबे समय से आरोपी कंपनी से माल न मंगाकर नकली व चोरी का माल बेच रहा था। बिक्री घटने पर कंपनी के अधिकारियों ने जांच की जिसमें पाया कि आरोपी चोरी व नकली माल बेच रहे हैं। जिस पर कंपनी ने जिले में एजेंसी पीड़ित पंकज जैन को दे दी। इसके चलते आरोपी उससे रंजिश रखने लगे थे।
गवाह को धमकाने के आरोप
मुहल्ला अजीतापुरा निवासी अब्दुल सोहिल पुत्र अब्दुल कदीर ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर एक चिकित्सक पर गवाही न बदलने पर धमकाने के आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। शिकायती पत्र में बताया कि अस्पताल में घटी एक घटना के मामले में उसने उक्त डाक्टर की पत्नी के खिलाफ गवाही दी थी। इसके बाद से लगातार उक्त डाक्टर गवाही बदलने के लिए दबाव बना रहे हैं।