ललितपुर। हजरत बाबा सदनशाह के उर्स में मुंबई से आए कव्वाल निसार जानी की महफिल ने समां बांध दिया। श्रोताओं ने भी कव्वालियों का लुत्फ उठाया। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कव्वालियों की महफिल देर रात तक जमी रही।
रविवार की रात मुंबई के मशहूर कव्वाल निसार जानी के नाम रहीं। रात 11 बजे मंच पर आए कव्वाल का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया गया। इसके बाद महफिल सजी। शुरूआत नात-ए-रसूल से हुई। इसके बाद उन्होंने पढ़ा कि 'सफात ही सफात है, इनायत ही इनायत है, उजाला सारी दुनिया में मोहम्मद की बदौलत है... इस पर खूब सराहना मिली। इसके अलावा नबी ने अपनी फजीलत को आम कर डाला... को श्रोताओं ने खूब पसंद किया। उन्होंने जब मेरे आका ने दुश्मन को भी दुआएं दी हैं... सुनाया तो सभी श्रोता खड़े होकर कव्वाल का स्वागत करने को मजबूर हो गए। दरबार ए विलायत में क्या निश्वत, दीवानो चलो उठो ख्वाजा की छटी आई...। इसके बाद उन्होंने सरकार ए दो आलम बाबा सदन की शान में एक से बढ़कर एक कलाम पेश किए।
उन्होंने कहा कि मनवाता है वो खुदा की बात बंदो से, बलियों की कोई बात खुदा टालता नहीं है...। इसके बाद चले गजलों के दौर ने महफिल में समां बांध दिया। उन्होंने गजल पढ़ी कि जिसने हमें बर्बाद किया है, दिल ने उसी को याद किया है... पर सभी श्रोता झूम उठे। इसके बाद उन्होंने कौन आया, महका साया, दिल लगाकर जख्म पाया, दिल जले तो क्यों सताया, चोट खाकर, मुस्कराया... आदि सुनाकर सभी का दिल जीता। गजलों का दौर अल सुबह तक चलता रहा।
इस मौके पर पूर्व सांसद सुजान सिंह बुंदेला, अंजुमन सदर असलम कुरैशी, उर्स कमेटी के सदर हाजी बाबू बदरुद्दीन कुरैशी, हाजी साबिर अली, कमरुद्दीन कप्तान, अब्दुल रहमान कल्ला, शेख नत्थू, चौधरी चंदा, फजल करीम, इस्लामुद्दीन कुरैशी, हबीब कुरैशी, रमजानी दादा, मीडिया प्रभारी मोहम्मद नसीम, रिजवान उज्जमा, चौधरी जाफर, हाजी अतीक, हाजी अनीस, समीर चौबे, समद खां मौजूद रहे। संचालन जनरल सेक्रेटरी अजीज कुरैशी ने किया।
अच्छी तालीम देकर अपने बच्चों को आगे बढ़ाएं
ललितपुर। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एसपी मोहम्मद इमरान का कमेटी पदाधिकारियों ने स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सूफी संत बाबा सदनशाह की पवित्र दरगाह पर आए हैं, जहां पर हजारों नुमाइंदों ने आकर बाबा से दुआएं मांगी। उन्होंने भाइचारे की मिसाल इसी तरह बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि यदि देश का प्रत्येक जिला ललितपुर जैसा हो जाए, तो निश्चित तौर पर पूरे भारत से सांप्रदायिकता शब्द खत्म हो जाएगा।
15 दिन का होगा शताब्दी समारोह
ललितपुर। पूर्व सांसद व कमेटी के संरक्षक सुजान सिंह बुंदेला ने समय में बाबा सदनशाह के उर्स समारोह की शताब्दी को धूमधाम से मनाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में शताब्दी समारोह 15 दिन के लिए आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में देश ही नहीं, विदेशों के भी नामी-गिरामी कव्वालों को आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बाबा सदन केवल मुस्लिम ही के नहीं, बल्कि हिंदू, सिख व ईसाई सभी के हैं।
सम्मानित किया
ललितपुर। कव्वाली कार्यक्रम के बीच कमेटी के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं को पगड़ी व मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान बाबू बदरुद्दीन कुरैशी ने आभार जताया।
चादर चढ़ाई
ललितपुर। कौमी एकता क्लब ने बाबा की मजार पर चादर चढ़ाई। इस दौरान पूर्व मंत्री प्रदीप जैन आदित्य, नगर पालिका अध्यक्ष सुभाष जायसवाल, ब्लाक प्रमुख कैलाश यादव, मनमोहन जड़िया, हरीया कपूर, असलम कुरैशी, ओमकार सलूजा, ब्रजेश चतुर्वेदी, काशीनाथ, राव राजा, अजय जैन, परवेज पठान, दुर्गा प्रसाद कुशवाहा, मकबूल राइन, नरेंद्र ताम्रकार, धर्मेंद्र श्रीवास्तव, अमन, राशिद खान आदि मौजूद रहे।