बार/ पुलवारा। विकास खंड बार के मुख्य बाजार में बस स्टैंड पर नालियों की महीनों से नहीं हुई सफाई के कारण जमा गंदे पानी व कीचड़ को देखकर लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इससे दुकानदारों और ग्राहक दोनों परेशान हो रहे हैं।
कस्बे के मुख्य बाजार की सड़क पर नालियां चोक होने के कारण नालियां कीचड़ से बजबजा रही हैं। नालियों का गंदा पानी बाजार की सड़क पर बह रहा है। साथ ही कूड़े के ढेर पड़े हैं, सड़क पर फैले कीचड़ में जानवरों के झुंड पड़े रहते हैं। जो यहां के स्थानीय निवासियों एवं राहगीरों के ऊपर कीचड़ उचटा कर परेशान करते रहते हैं। कस्बे के मुख्य बाजार महीनों से बनी इस दयनीय स्थिति से स्थानीय दुकानदार, ग्राहक व राहगीर सभी पानी, कीचड़ व गंदगी के ढेरों और इनसे उठती दुर्गंध से परेशान हैं। दुर्गंध के कारण बाजार में ग्राहकों की आवाजाही कम हो गई है। जिसका सीधा असर यहां के दुकानदारों पर पड़ रहा है। लेकिन इन सब के बावजूद ग्राम पंचायत का कोई भी जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या को दूर करने के प्रयास करता नजर नहीं आ रहा है। नाले की मरम्मत का काम न होने के रास्ते से गुजरते वाहनों से उड़ते कीचड़ के छींटों से दुकानदार, ग्राहक व आम राहगीर सभी परेशान हो रहे हैं। स्थानीय दुकानदार रामप्रकाश मोदी, बृजेश कुमार, रामनारायण गुप्ता, संजीव कुमार, बृजेश नारायण, राजा मोदी, पवन कुमार ने कस्बे के मुख्य बाजार की सफाई की मांग की है।
कस्बे की आबादी पन्द्रह हजार के आसपास है और ग्राम पंचायत में चार पुरवा भी बसे हैं। इतनी आबादी पर एक महिला सफाई कर्मचारी है, इसके अलावा बाजार में दोनों तरफ नाली बनी है। लेकिन दुकानदारों ने नाली पर अतिक्रमण कर लिया है। जिससे नाली चोक हो जाती है। फिर भी कस्बे में सफाई व्यवस्था जारी है।
- राममनोहर गुप्ता, प्रधानपति बार
आगामी त्योहार और अभी चल रही नवदुर्गा महोत्सव पर बाजारों में भीड़ रहती है सफाई न होने से सजे बाजार भी बेरौनक लगते है। कस्बा में फैली गंदगी और कूड़े के ढेर लगे है शासन को सफाई कर्मचारियों की टीम बना कर कस्बे की सफाई करवाई जाए।
- खेमचंद्र राजपूत