संवाद न्यूज एजेंसी
तालबेहट। पूराकलां में रविवार की रात आयोजित शादी समारोह से मामा-भांजे बाइक से लौट रहे थे। बरुआ नाले के पास सामने से आ रही कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इस घटना में बाइक सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन फानन उन्हें सीएचसी लाया गया जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना से दोनों परिवारों में मातम पसर गया।
थाना बार अंतर्गत ग्राम लड़वारी निवासी महेंद्र प्रताप सिंह परमार (55) पुत्र गोविंद सिंह काफी समय से इंदौर में रहते थे। रविवार को वह पूराकलां निवासी परिचित के यहां शादी समारोह में शामिल होने के लिए कोतवाली अंतर्गत ग्राम पिपरई निवासी शिशुपाल सिंह (52) के साथ बाइक से गए थे। रात करीब 12.30 बजे दोनों लोग बाइक से वापस लौट रहे थे इसी दौरान बरुआ नाले के समीप सामने से आ रही एक कार से जोरदार टक्कर हो गई। इस घटना में बाइक सवार दोनों लोग गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। पीछे आ रहे अन्य लोगों ने जब उन्हें सड़क पर पड़ा देखा तब तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा जहां परीक्षण कर चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पर पहुंचे परिजनों की चीखपुकार मच गई।
पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। महेंद्र व शिशुपाल आपस में मामा-भांजे बताए गए हैं। परिजनों ने बताया कि मृतक महेंद्र का एक पुत्र व एक पुत्री है जबकि शिशुपाल के दो पुत्र और दो पुत्रियां है। शिशुपाल की एक पुत्री की शादी हो गई है। घटना से दोनों परिवारों में मातम पसर गया।
-
प्रधान की बाइक से पिछले दिनों भी हुई थी दुर्घटना
जिस ग्राम प्रधान की कार ने बाइक में टक्कर मारी है, उसकी बाइक से कुछ दिन पहले तालबेहट क्षेत्र में मार्ग दुर्घटना हुई थी। जिसका मामला कोतवाली तालबेहट में ग्राम प्रधान के नाम से दर्ज हुआ था।
-
हेलमेट लगाए होते तो बच सकती थी जान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार महेंद्र व शिशुपाल हेलमेट नहीं लगाए थे। जिससे उनके सिर में गहरी चोट आने से रक्तस्त्राव अधिक हो रहा था। यदि वह लोग हेलमेट लगाए होते तो जान बच सकती थी।
00000000
वर्जन
कार और बाइक की टक्कर में दो लोगों की मौत हुई है। घटना की तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
-आशीष मिश्रा, सीओ, तालबेहट