ललितपुर। हाईवे-44 पर स्टेडियम के पास तेज रफ्तार से भाग रही कार की टक्कर से इंजन के लिए आयल लेकर घर वापस लौट रहे बाइक चालक 45 वर्षीय दरयाव सिंह निवासी ग्राम कुमरौल गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की।
मृतक के चचेरे भाई बलराम ने बताया कि रविवार की सुबह उसका भाई दरयाव सिंह डीजल इंजन के लिए आयल लेने के लिए बाइक से ललितपुर आया था। आयल लेकर सुबह करीब 11 बजे वह वापस घर लौट रहा था। अभी वह शहर के समीप से गुजरे हाईवे-44 पर स्टेडियम के समीप सड़क पार कर रहा था। तभी तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। जिससे दरयाव सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। डायल-112 पुलिस ने घायल को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की। मृतक दो भाई-एक बहन में दूसरे नंबर का था और उसके दो पुत्र एक पुत्री हैं। वह तीन एकड़ जमीन पर खेती-किसानी करता था। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।