ललितपुर। थाना नाराहट अंतर्गत ग्राम सरखड़ी के आगे बम्हौरी-सिंदवाहा तिराहा के पास सागर से लौट रहे एक बाइक सवार के ऊपर गाज गिरने से उसकी मौत हो गई। जानकारी मिलने पर नाराहट पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मध्य प्रदेश के ओरछा निवासी पिंटू (25) पुत्र स्व.हजारी प्रसाद सोमवार की दोपहर में करीब दो बजे सागर से बाइक से लौट रहा था। अभी वह थाना नाराहट अंतर्गत ग्राम सरखड़ी के आगे बम्हौरी-सिंदवाहा तिराहा के पास ही पहुंचा था कि अचानक बरसात के दौरान तेज कड़क के साथ गाज उसके ऊपर जा गिरी, जिससे वह बाइक समेत सड़क से नीचे 25-30 फिट नीचे खंती में जा गिरा, जिससे उसकी मौत हो गई।
जानकारी मिलने पर थाना नाराहट पुलिस मौके पर पहुंची, जहां युवक बाइक के ऊपर मृत पड़ा था। उसके पास मिले मोबाइल फोन से पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया और घटना की जानकारी दी। मृृतक के दो बच्चे हैं और वह झांसी में किसी होटल में काम करता था।