ललितपुर। थाना जाखलौन के अंतर्गत ग्राम दावनी निवासी एक व्यक्ति से दूसरे गांव तक जाने की बात कहकर पहले मोटरसाइकिल पर लिफ्ट ली और बाद में रास्ते से मोटरसाइकिल लेकर भाग गया। पीड़ित ने एसपी से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थाना जाखलौन के अंतर्गत ग्राम दावनी निवासी कोमल ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बीते 18 मई को जब वह ललितपुर जा रहा था, तभी रास्ते में एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को ग्राम खड़ोवरा निवासी बताकर उससे ललितपुर लिवा चलने को कहा, जिस पर वह उसे ललितपुर तक साथ ले आया, इसके बाद वह अज्ञात व्यक्ति उसके साथ मोटरसाइकिल से ग्राम महेशपुरा तक लिवा गया। जहां लघुशंका लगने पर वह सड़क किनारे उतर गया और इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति उसकी मोटरसाइकिल लेकर भाग गया। उसने काफी खोजबीन की, लेकिन मोटरसाइकिल व उस व्यक्ति का कहीं भी पता नहीं चल सका। पीड़ित ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक से मोटरसाइकिल चोरी का मुकदमा दर्ज कराए जाने की मांग की है।