संवाद न्यूज एजेंसी
महरौनी। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि एक तरफ एनडीए की सरकार है तो दूसरी तरफ इंडिया गठबंधन। एनडीए सरकार ने उद्योगपतियों का 16 लाख करोड़ रुपये माफ किया है, जबकि किसान का कर्ज माफ नहीं किया। किसानों के अनाज का भाव नहीं बढ़ रहा है, जबकि तिलहन व दलहन के व्यापारी खूब मुनाफा कमा रहे हैं। वह बुधवार को कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप जैन आदित्य के समर्थन में ललितपुर रोड स्थित एक मैरिज गार्डन में सभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि मोदी की गारंटी केवल जुमलाबाजी है। जो उनके दबाव में आ जाता है, उसका सारा भ्रष्टाचार खत्म हो जाता है। और जो दबाव में नहीं आता, उसको जेल भेज दिया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में जितने भ्रष्टाचारी थे, वह मोदी के साथ हो गए हैं। प्रत्याशी प्रदीप जैन आदित्य ने कहा कि महंगाई से आम आदमी परेशान है। युवा रोजगार के लिए भटक रहा है। जनता इस बार परिवर्तन का मन बना चुकी है। टीकमगढ़ विधायक यादवेंद्र सिंह ने कहा कि जब किसान ट्रैक्टर लेता है तो उसे 28 प्रतिशत जीएसटी देनी पड़ती है। गेहूं का रेट भी कम है। किसान से सिर्फ झूठे वायदे किए जाते हैं। विधायक पृथ्वीपुर नितिन सिंह राठौर ने कहा कि भाजपा ने जो वादे किए, सब झूठ निकले। क्षेत्र में लाइट नहीं मिल रही है, हर घर जल योजना विफल है। सपा जिलाध्यक्ष नेपाल सिंह यादव ने कहा कि डबल इंजन की सरकार होने के बाद भी किसान नौजवान आत्महत्याएं कर रहे हैं। इस दौरान विधायक संजय शर्मा, प्रदेश सचिव बलवंत सिंह, चंदेरी विधायक गोपाल सिंह, सुख नंदन तिवारी आदि मौजूद रहे।