तीन हजार रुपये नकद, हजारों रुपये कीमत के मोबाइल व सामग्री उठा ले गए चोर
संवाद न्यूज एजेंसी
बांसी। कस्बे में चोरों ने मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान को निशाना बनाया। यहां से तीन हजार रुपये नकद व हजारों रुपये कीमत के मोबाइल व अन्य सामान चुरा ले गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मुआयना कर जांच प्रारंभ कर दी है।
थाना जखौरा अंतर्गत कस्बा के नया बार रोड तिराहे के पास कस्बा निवासी अनुज, पवन साहू की दुकान है। इसे थाना जखौरा अंतर्गत ग्राम नदनवारा निवासी साहिल रजक 9 माह से किराये पर दुकान चला रहा था। शनिवार की शाम वह प्रतिदिन की भांति दुकान बंदकर चला गया था। रविवार को उसने दुकान नहीं खोली लेकिन शाम को दुकान पर आया तो ताला लगा था लेकिन दुकान के बगल से बनी सीढ़ी के गेट पर ताला गायब था। जब उसने अपनी दुकान खोलकर देखी तो सामान बिखरा पड़ा था। सीढ़ी की तरफ दुकान में लगे गेट का लाॅक टूटा था। उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। अभी तहरीर नहीं दी है। जखौरा थाना प्रभारी राजीव कुमार वैश ने कहा कि आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। मामले की जांच की जा रही है।