अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। दूरस्थ ग्राम लखंजर में सीसी सड़क निर्माण एवं धसान नदी के किनारे मनरेगा पार्क पर्यटकों को आकर्षित कर रहा है। लखंजर मध्यप्रदेश की सीमा से लगा हुआ है। इसके वनक्षेत्र के बीच स्थित होने एवं प्राकृतिक वातावरण सुंदर होने के दृष्टिगत जिला प्रशासन ने लखंजर को पर्यटन से जोड़ने के उद्देश्य से यहां मनरेगा पार्क की स्थापना कराई है।
लखंजर गांव धसान नदी के किनारे वन क्षेत्र में होने से प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर है। प्रधान ने मनरेगा पार्क के लिए उपलब्ध ग्राम सभा की भूमि के संबंध में अवगत कराया। अधिकारियों ने पार्क के लिए कार्ययोजना बनाकर धसान नदी के किनारे घाट निर्माण, कोरवाल, सुरक्षा दीवाल आदि बनाए जाने के भी कार्य कराए। यहां का प्राकृतिक सौंदर्य पर्यटकों को लुभाएगा।