अवैध खनन के मामलों में पकड़े जाने वालों के खिलाफ चोरी की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा। इसके पहले अवैध खनन का परिवहन पाए जाने पर वाहनों को संबंधित थानों के सुपुर्द कर दिया जाता था, इसके बाद खनिज विभाग के अफसर माल से संबंधित प्रपत्रों की जांच करके अवैध खनन पाए जाने पर जुर्माना वसूलते थे। अवैध खनन के मामलों में पुलिस की कार्रवाई महज वाहन सीज करने तक सीमित थी, जबकि उच्च न्यायालय के आदेश के तहत अवैध खनन करते पाए जाने वालों के खिलाफ चोरी की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत करने का प्रावधान है। जिले में अवैध खनन पर प्रभावी रूप से अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी ने सभी थानेदारों को उच्च न्यायालय के आदेशों का अनुपालन करने के निर्देश जारी कर दिए हैं, इसके बाद अवैध खनन करने वाले भारतीय दंड विधान की परिधि में आ गए हैं।