दिसंबर के अंतिम दिन पारा गिरने से घने कोहरे के साथ ठिठुरन भी बढ़ गई। ललितपुर में रविवार को न्यूनतम तापमान 09 डिग्री रहा और सुबह नौ बजे तक शहर में घना कोहरा छाया रहा। देर शाम से गलन बढ़ने लोग घरों में दुबक गए। वहीं बढ़ती सर्दी में नगर पालिका द्वारा भी करीब 16 स्थानों पर अलाव जलवाए जा रहे हैं।
घना कोहरा और सर्द हवाओं से शहर में गलन बढ़ गई है। रविवार को सर्द हवा के साथ घना कोहरा भी सुबह साढ़े आठ बजे छाया रहा। शीत लहर के प्रकोप के चलते लोग घरों में दुबके रहे। हालांकि सुबह नौ के बाद हल्की धूप निकली मगर, हवा का रुख बदलने की वजह से गलन बरकरार रही। लोग दिन में ही अलाव के किनारे लोग बैठे रहे। वहीं घरों से निकलने वाले लोग गर्म कपड़ों से अपने को पूरी तरह ढके रहे। हालांकि रविवार होने के चलते स्कूलों व सरकारी कार्यालय की छुट्टी रही, जिससे स्कूली बच्चों के साथ सरकारी विभागों के कर्मचारियों को राहत जरूर मिली।
जानकारों के अनुुसार शीत लहर का प्रकोप अभी अगले कई दिनों तक रहने की उम्मीद जताई गई है। हाइवे पर रविवार की सुबह कोहरा काफी कम रहने से वाहन 30 से 40 की स्पीड में चलते दिखाई दिए। हालांकि खेतों में किसानों के लिए यह कोहरा और अधिक ठंड अच्छी बताई जा रही है, जो रबी की फसल में लाभदायक साबित हो सकती है।
कोयला व लकड़ी की मांग बढ़ी
ठंड बढ़ने के साथ लकड़ी व कोयले के दाम में बढ़ोत्तरी देखने को मिल रही है। जलाऊ लकड़ी टालों पर लेने के लिए लोग अधिक संख्या में पहुंचते रहे। वहीं ठंड से राहत पाने के लिए लोग बढ़े दामों पर भी इसी मजबूरी में खरीद रहे हैं।
जानवर और पशुओं की हालत खराब
शहर में आवारा घूम रहे जानवरों और पशुओं की स्थिति बढ़ती ठंड के साथ काफी दयनीय बनी हुई है। कई बार तो नगर पालिका द्वारा जलाए गए अलावों के पास लोगों के स्थान पर जानवर दिखाई देते है। कई बार तो ऐसी भी स्थिति आ जाती है, जब अलाव के पास ताप रहे लोगों को जानवरों की वजह से भागना पड़ता है।
साबरमती 16 और शताब्दी आई सवा तीन घंटे लेट
दिल्ली, पंजाब, लखनऊ की ओर घना कोहरा होने के कारण अप रूट की ट्रेनों की स्थिति काफी खराब रही। सुबह की ट्रेन शाम तक और रात की ट्रेन अगले दिन दोपहर तक ललितपुर आ रही हैं। ऐसे में रेल यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को शताब्दी एक्सप्रेस सवा तीन घंटे और साबरमती एक्सप्रेस 16 घंटा तक लेट रही। वहीं, गोंडवाना एक्सप्रेस रविवार की सुबह पहुंची। भोपाल की ओर जाने वाली अप रूट की ट्रेन पुष्पक एक्सप्रेस 3.44 घंटा, श्रीधाम एक्सप्रेस 2.44 घंटा, सचखंड एक्सप्रेस 3.07 घंटा और उत्कल एक्सप्रेस 1.46 घंटा, हीराकुंड एक्सप्रेस 5.25 घंटा तक लेट रहीं। जबकि इन ट्रेनों के और भी अधिक समय तक लेट होने की संभावना जताई गई। रविवार को दोपहर 2.40 बजे आने वाली अप रूट की छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस 11.27 घंटा, झेलम एक्सप्रेस 3.52 घंटा, पंजाबमेल एक्सप्रेस 5.18 घंटा, साबरमती एक्सप्रेस 16.29 घंटा, शताब्दी एक्सप्रेस 3.19 घंटा, कुशीनगर एक्सप्रेस 4.52 घंटा, पठानकोट एक्सप्रेस 10.11 घंटा, मालवा एक्सप्रेस 9.48 घंटा और दक्षिण एक्सप्रेस 8.29 घंटा तक लेट आई। वहीं रात को आने वाली ट्रेनों में पातालकोट एक्सप्रेस 1.15 घंटा, निजामुद्दीन जबलपुर एक्सप्रेस 9.13 घंटा लेट आई। प्रतापगढ़-भोपाल एक्सप्रेस छह घंटे, गोंडवाना एक्सप्रेस 5.15 घंटा और राप्तीसागर एक्सप्रेस 3.18 घंटा भी लेट रही। वहीं शनिवार की रात को 11.04 बजे आने वाली गोंडवाना एक्सप्रेस 11.58 घंटा लेट होकर अगले दिन रविवार को सुबह 11.02 बजे ललितपुर पहुंची।