सिलावन। विकासखंड मडावरा के अंतर्गत ग्राम पंचायत इकौना में 24 से अधिक सहरिया मजदूरों से काम तो करा लिया गया, पर भुगतान नहीं होने से उनका परिवार बेहाल है। सहरिया मजदूरों ने उपजिलाधिकारी मड़ावरा को ज्ञापन देकर मजदूरी का भुगतान कराए जाने की मांग की।
ग्राम पंचायत इकौना के मनरेगा मजदूरों ने बताया कि उन्होंने दो वर्ष तक सौ दिन काम किया था, लेकिन मजदूरी आज तक नहीं मिली। इसके बाद इस वर्ष भी एक माह 10 दिन का किया, किन्तु एक पैसा नहीं मिला है। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति खराब हो चुकी है। परिवार का भरण पोषण करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मजदूरी दिलाए जाने की मांग की है। ज्ञापन पर रामरानी, रूपवती, अमारीबारी, सगुन, सूरी, दिदौनिया, मुन्नी, केशर, खिरियाबारी, बेटीबाई, तारा, भडरऊ बारी, हीरा, लाडली, बबली, द्रोपती, सावित्री, सुकवती, रानी, रामरानी, शीला, कोशिया, सुनील आदि के हस्ताक्षर और अंगूठा निशानी लगे हैं।