संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। निजी नलकूप पर मुफ्त बिजली देने के लिए विद्युत विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। किसानों से पंजीयन कराने की अपील की जा रही है। जबकि, पंजीयन करा चुके किसानों के नलकूप पर मीटर लगाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। निर्धारित 1300 यूनिट से अधिक बिजली खपत होने पर किसानों को अतिरिक्त बिल का भुगतान करना होगा।
बीते माह मुख्यमंत्री ने किसानों के निजी नलकूप पर मुफ्त बिजली देने और एक अप्रैल 2023 से अब तक के बिल को माफ करने की घोषणा की थी। जिले के 6400 निजी नलकूप कनेक्शन धारकों को इसका लाभ दिया जाना है। लेकिन, इसके लिए किसानों को 31 मार्च 2023 तक का बकाया बिल जमा करना होगा। साथ ही विभाग में पंजीयन कराना होगा। निर्धारित शर्तों के लिए सहमति देनी होगी। पंजीयन करा चुके किसानों के संयोजनों पर मीटर लगाया जाएगा। किसान प्रतिमाह 1300 यूनिट तक ही बिजली की खपत कर सकेंगे। इससे अधिक खपत पर अतिरिक्त खपत का बिल देना होगा।
-
यह है पंजीयन की स्थिति
विद्युत वितरण खंड प्रथम में महज 300 निजी नलकूप कनेक्शन हैं, इसमें अब तक सिर्फ दस किसानों ने ही मुफ्त बिजली के लिए पंजीयन कराया है। विद्युत वितरण खंड द्वितीय में 5700 निजी नलकूप कनेक्शन हैं, इसमें लगभग 300 किसानों ने पंजीयन कराया है।
-
मुफ्त बिजली के लिए देनी होगी ये सहमति
- नलकूप संयोजन पर लगेगा मीटर।
- केवाईसी की प्रकिया पूर्ण होगी
- 31 मार्च 2023 तक के संपूर्ण बकाए का भुगतान करना होगा।
- स्वयं या परिवार के अन्य कनेक्शन का विवरण देना होगा।
- नलकूप कनेक्शन पर एक पंखा व एक एलईडी बल्ब ही चला सकेंगे।
-
निजी नलकूप कनेक्शन धारकों को मुफ्त बिजली का लाभ लेने के लिए पंजीयन कराना होगा। इसके बाद मीटर लगाया जाएगा। 1300 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जाएगी। इससे अतिरिक्त उपयोग करने पर अधिक खपत का बिल अदा करना होगा।
- संजय सिंह, अधीक्षण अभियंता, विद्युत विभाग