मेधावियों को सम्मानित करतीं नगर पंचायत अध्यक्ष और समिति के पदाधिकारी - स्रोत -आयोजक
महरौनी । ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रोत्साहित कर उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से दिवंगत पं. श्रीधर प्रसाद त्रिपाठी की स्मृति में मेधावी छात्र सम्मान समारोह एक पैलेस में किया गया। समारोह में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष नीलम दुष्यंत बड़ोनिया एवं कोतवाली के अतिरिक्त निरीक्षक निर्भय चंद ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। उनके चित्र पर श्रद्धासुमन भी अर्पित किए गए। इस दौरान वक्ताओं ने पं. श्रीधर प्रसाद त्रिपाठी के जीवन पर विस्तार से प्रकाश हुए कहा कि वह एक समर्पित एवं निष्ठावान शिक्षक थे। शिक्षा के प्रति उनका समर्पण आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। इस अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न उत्कृष्ट विद्यालयों के यूपी बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा सत्र 2025-26 के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। आयोजन समारोह में अशोक शुक्ला, सूर्यवली प्रसाद प्रवक्ता, अमित दुबे प्रधानाचार्य, संजय शुक्ला, धनीराम वर्मा, समिति संस्थापक लोकेश त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।