ललितपुर। तेज हवाओं के बीच दो दिनों से हो रही रिमझिम बारिश से जनपद का पारा करीब छह डिग्री सेल्सियस लुढ़क गया जिससे लोगों ने सर्दी का एहसास किया। शनिवार को सुबह हुई बारिश के बाद आसमान में बादल छाए रहे, दोपहर में करीब आधा घंटे के लिए धूप निकली लेकिन बाद में मौसम फिर बारिश का हो गया। लगातार बारिश और हवा के चलते मौसम में नमी भी आ गई है। जनपद में बृहस्पतिवार से शुरू हुई रिमझिम बारिश शुक्रवार रात और शनिवार सुबह तक होती रही। इसके साथ ही जिले में ठंडी व तेज हवाएं भी चलती रहीं। इसके चलते एक दिन में ही जिले का तापमान आठ डिग्री तक लुढ़क गया। जबकि दूसरे दिन आसमान में बादल छाए रहे। ऐसे में बीते दो दिनों के मौसम के बदलाव होने से तापमान में नमी बनी हुई है। दो दिन पहले 24 सितंबर को जिले का अधिकतम तापमान लगभग 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 25 डिग्री था। वहीं शनिवार को जिले में अधिकतम तापमान 26 डिग्री तक रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 21 डिग्री तक रहा है। ऐसे में जिले में अधिकतम तापमान में छह डिग्री तो वहीं न्यूनतम तापमान में चार डिग्री तक कमी आई है। इससे मौसम में भी ठंडक महसूस की गई है।
हालांकि रविवार को मौसम में फिर बदलाव होने के साथ ही सूरज निकलने की संभावना है और अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान के 22 से 23 डिग्री तक रहने की संभावना है। संभावना जताई जा रही है अगले चार दिन तक मौसम साफ रहेगा और धूप खिली रहेगी। वहीं दो दिनों से मौसम में नमी रहने और शुक्रवार को पूरे दिन भर बारिश होने व तेज हवाओं के चलते ठंडक होने की वजह से बच्चों में खांसी और सर्दी का असर भी रहा और अस्पतालों में मरीजों में छोटे बच्चों की संख्या में इजाफा रहा। 00000000
घुटनों तक पानी, गड्ढों में छिपा खतरा... हसार-कैलगुवां मार्ग पर मुश्किल सफर
पाली/ बंगरिया। अमऊखेड़ा रेलवे अंडरपास में बारिश के बाद पानी भर गया है। इससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अंडरपास में जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी जमा हो जाता है। प्रतिदिन दर्जनों गांवों से ग्रामीण, विद्यार्थी और महिलाएं यहां से गुजरते हैं। पानी अधिक होने के कारण उन्हें रास्ता पार करने में दिक्कत होती है। कई लोग मजबूरी में पानी के बीच से निकलते हैं, जिससे उनके कपड़े खराब होने और फिसलकर गिरने का खतरा बना रहता है। बम्होरी निवासी राजेश यादव ने बताया कि अंडरपास में जलभराव की समस्या पुरानी है। लोगों ने संबंधित जिम्मेदारों से कई बार स्थायी जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। 000000000000
हसार-कैलगुवां मार्ग पर गड्ढे, कीचड़ से राहगीर परेशान
बार। बार विकासखंड की ग्राम पंचायत मर्रोली में हसार-कैलगुवां मार्ग की हालत बारिश से खराब हो गई है। चंदावली तिगैला के बाद सड़क जगह-जगह से टूट गई है। सड़क पर घुटनों तक पानी भरने से यह तालाब जैसी दिख रही है। गहरे गड्ढे और कीचड़ के कारण राहगीरों, स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। ग्रामीण छत्रपाल राजपूत ने बताया कि जलभराव से गड्ढे नहीं दिखते, जिससे दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं। अरविंद विश्वकर्मा ने कहा कि उनके घर के सामने पानी जमा होने से निकलना मुश्किल है। मजबूत सिंह ने प्रशासन से जल्द जल निकासी और मरम्मत कराने की मांग की। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग और प्रशासन से सड़क की मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था करने की मांग की है। 0000000
बारिश का पानी जिन इलाकों में भर गया है वहां कल टीम भेज कर निकलवाने की व्यवस्था की जाएगी। सत्य प्रकाश,जिलाधिकारी