ललितपुर। जनपद में रोडवेज बसों का संचालन निजी बस संचालकों के विरोध के कारण नियमित नहीं हो पा रहा है। बुधवार को परिवहन कार्यालय में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी की मौजूदगी में एक बैठक हुई। इसमें परिवहन निगम ने दो बसों के संचालन का प्रस्ताव रखा, पर सहमति नहीं बन सकी।
राज्य परिवहन प्राधिकरण ने छह जुलाई को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम को 16 परमिट जारी किए थे। ये परमिट झांसी से ललितपुर होकर विभिन्न ग्रामीण कस्बों के लिए थे। विभाग ने झांसी-ललितपुर-सौजना सहित कुछ बसों का संचालन भी शुरू किया है। जिला बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन रोडवेज बसों के संचालन का विरोध कर रहा है। उनका कहना है कि बसों का संचालन बिना समय सारिणी के हो रहा है। उन्होंने कई अधिकारियों को ज्ञापन भी दिए हैं, जिससे वाद-विवाद की स्थिति बन रही है। मड़ावरा मदनपुर बस का संचालन भी प्रभावित हो रहा है।
बैठक में गतिरोध
बुधवार की बैठक में निजी बस संचालकों ने समय सारिणी के आधार पर संचालन की मांग की। रोडवेज अधिकारियों ने तर्क दिया कि फॉर्मुलेटेड परमिट जारी हुए हैं। ये परमिट आम लोगों की सुविधा के अनुसार बसों के संचालन के लिए हैं। समय सारिणी बैठक कर बनाई जा सकती है। निजी बस संचालकों ने परमिट को गलत बताया, जिससे लंबे दौर की कहा-सुनी के बाद सहमति नहीं बन पाई।
बसों की समय सारिणी घोषित की जाए। परमिट के आधार पर तय रूट पर बसों का संचालन किया जाए।
- मनीष अग्रवाल, अध्यक्ष, जिला बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन
-
रोडवेज व निजी बस संचालकों की बैठक में दोनों पक्षों में वार्ता हुई। सहमति नहीं बन सकी। मामले को जिला प्रशासन के समक्ष रखा जाएगा।
- विपिन चौधरी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी