ललितपुर। नगर पालिका की बोर्ड बैठक में 2.52 करोड़ के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी मिल गई। इसमें 200 नग एलईडी भी शामिल हैं। नगर के चौराहे, तिराहों पर एलईडी लाइटें लगने से बिजली की खपत तो कम होगी और प्रमुख मार्ग दूधिया रोशनी ने नहा उठेंगे।
नगर पालिका परिषद की बुधवार को नेशनल हाइवे स्थित एक निजी होटल में अध्यक्ष सुभाष जायसवाल की अध्यक्षता में आयोजित बोर्ड बैठक में विभिन्न प्रस्ताव को मंजूरी मिली। नगर की प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए प्रतिमाह तीन लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। बलखंडी सामुदायिक भवन व कबीर नगर सामुदायिक भवन की विद्युत फिटिंग के लिए 5 लाख रुपये खर्च होंगे। नपा के राजर्षिदास टंडन पुस्तकालय में धार्मिक, साहित्यक एवं प्रतियोगी पुस्तकों को खरीदने के लिए 65 हजार रुपये व्यय किया जाएगा। 22.27 लाख से सफाई कर्मचारियों के लिए नरियल झाड़ू, सींक झाड़ू, बांस डलिया, चूना, सेफ्टी हेलमेट आदि खरीदने का काम होगा। नगर की संकरी गलियों से कूड़ा निकालने के लिए 300 हाथ कूड़ा गाड़ी क्रय की जाएंगी। इन पर 24 लाख, तीस हजार रुपये खर्च होंगे।
नगर के प्रमुख चौराहों, तिराहों व मुख्य मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए 90 वाट की 200 नग एलईडी लाइटें खरीदी जाएंगी। इनके लग जाने से कम विद्युत खपत में प्रमुख मार्ग दूधिया रोशनी में नहाएंगे। 31 मार्च को आउट सोर्सिंग का ठेका समाप्त होने पर 122 सफाई कर्मचारी, 6 कम्प्यूटर ऑपरेटर, 14 चौकीदार को अप्रैल व मई दो माह के वेतन दिलाने, प्राइवेट एजेंसी से प्रकाश व्यवस्था का काम करवाने, प्राइवेट कंपनी से स्वकर की गणना करवाने, नपा में लगे प्राइवेट वाहनों का किराया देेने, नगर पालिका के तत्वावधान में खोली गई प्याऊ पर होने वाले खर्च को भी सर्वसम्मति से मंजूरी मिली। इस तरह कुल 2.52 करोड़ के प्रस्ताव पास किए गए।
बोर्ड बैठक में वार्ड पार्षद रामसखी कुशवाहा, कृष्ण कुमार पंथ, शरीफ कुरैशी, कमल सिंह यादव, रजनी रजक, विवेक दरौनियां, पार्वती रजक, अशोक कुमार पंथ, मुस्तफा खान, रामसेवक, पंकज मोदी जैन, जगदीश यादव, मुहम्मद इदरीश राइन, सुरेंद्र सिंह, पुष्पा रानी, महेंद्र कुमार सिंघई, आशाराम कुशवाहा, धमेंद्र कुमार, भवानी सिंह यादव, रागिनी समैया, अनुराग चौबे, अनुराग जैन उर्फ शैली, डा. जगदीश सिंह चौहान, गिरधारी यादव, स्वपिभनल जैन, अधिशासी अधिकारी केएन शर्मा, नपा कर्मी रमाकांत तिवारी, प्रदीप सिंह, रामसेवक वाल्मीकी, नरेंद्र राठौर, विनीत कुमार आदि कर्मचारी उपस्थित रहे।
सीसी रोड खोदने वालों पर हो कार्रवाई
बोर्ड बैठक में वार्ड नंबर दो के पार्षद के के पंथ सीसी रोड खोदकर केबल डालने वाला मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि लाखों रुपये की लागत से बने सीसी रोड को प्राइवेट कंपनी ने खोद डाला और केबल डाल दी। जबकि, कंपनी ने अनुमति लेने से पहले रोड ठीक करने की बात कही थी। लेकिन, कंपनी ने गांधीनगर, रावतयाना सहित अन्य मुहल्लों में काम करके सड़कों को खराब कर दिया। इससे नपा को लाखों का नुकसान हुआ। पार्षदों ने उक्त कंपनी पर कार्रवाई की मांग उठाई।
एक ही कंपनी को ठेका क्यों ?
नगर पालिका परिषद की बैठक में वार्ड नंबर 14 के पार्षद ने प्रश्न किया कि आखिर आउट सोर्सिंग कंपनी के माध्यम से कर्मचारी रखने सहित अन्य काम एक ही कंपनी को दिए जा रहे हैं। यह सरासर मनमानी है। प्राइवेट कंपनियों में प्रतियोगिता होने से नपा को ही फायदा है। वार्ड नंबर 12 के पार्षद पंकज मोदी जैन ने बाहरी प्राइवेट कंपनियों से काम करवाने के स्थान पर स्थानीय कंपनियों पर जोर दिया।