ललितपुर। शहर के मवेेेशी बाजार की मुख्य सड़क गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। नेशनल हाईवे से शहर में आने के लिए यह मुख्य सड़क होने से इस पर चौबीस घंटे आवागमन बना रहता है।
वार्ड नंबर तीन शहर के मवेशी बाजार की मुख्य सड़क जर्जर हो चुकी है। यहां सड़क कम गड्ढे ज्यादा हैं। इस सड़क से महरौनी, मड़ावरा, सौजना, बिरधा, पाली सहित सैकड़ों गांवों के लोग शहर में प्रवेश करते हैं। सड़क पर गड्ढे हो जाने के कारण राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। सड़क के गड्ढे इतने गहरे हो चुके हैं कि उनमें पानी भर जाता है, और फिर वह पानी कीचड़ में तब्दील हो जाता है। जिससे कई बार सड़क के गड्ढे दिखाई नहीं देते और हादसे हो जाते हैं। लोगों ने कहा कि मुख्य सड़क पर इतने बड़े- बड़े गड्ढ़े होने के बाद भी प्रशासन मरम्मत नहीं करा रहा है, जिससे राहगीरों की समस्याएं बढ़ती जा रहीं हैं।
मवेशी बाजार की मुख्य सड़क पर गड्ढे हो गए हैं। हम लोगों ने प्रशासन को अवगत भी कराया, लेकिन समस्या का निराकरण नहीं हो सका। अगर गड्ढ़ों की मरम्मत हो जाएगी तो राहगीरों को परेशानी नहीं होगी।
- भूपेंद्र निरंजन
जब शहर की सड़कों का इस तरह हाल- बेहाल है, तो ग्रामीण इलाकों की स्थिति तो और दयनीय होगी। प्रशासन को मुख्य सड़क के गड्ढों की शीघ्र मरम्मत करा देनी चाहिए। - शिशुपाल
मवेशी बाजार में मुख्य सड़क गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गड्ढे ज्यादा होने के कारण यहां पर आए दिन दुर्घटनाएं होती रहतीं हैं। - अभिषेक
सड़क पर गड्ढे बहुत गहरे हो चुके हैं। यहां कई बार दो पहिया वाहनों के एक्सीडेंट हो चुके हैं। इसके बावजूद प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। सड़क की मरम्मत हो जाएगी तो परेशानी नहीं होगी। - रवि पटेल
बारिश के कारण गड्ढे हो गए हैं। बारिश का सीजन खत्म होने के बाद गड्ढों की मरम्मत करा दी जाएगी। - सुबोध कुमार, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग।