संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मकर संक्रांति पर खरमास समाप्त हो गया है, लेकिन इस बार गृह नक्षत्रों के चक्कर के कारण खरमास समाप्त होने के 21 दिन बाद चार फरवरी से मांगलिक कार्य शुरू होंगे।
ज्योतिषियों के अनुसार, खरमास समाप्ति के साथ ही शुक्रोदय शुरू हो जाता था लेकिन इस बार शुक्रोदय चार फरवरी को होगा। ऐसे में चार फरवरी से 14 मार्च तक वैवाहिक लग्नों की धूम रहेगी।
पिछले वर्षों में मकर संक्रांति के दिन धनु से मकर राशि में संचरण करने के साथ सूर्य के उत्तरायण होते ही खरमास समाप्त हो जाता था और अगले दिन से शुभ मांगलिक एवं वैवाहिक लग्न आरंभ हो जाते थे।
इस संबंध में जगदीश मंदिर के ज्योतिष विशेषज्ञ आचार्य रामानुज मिश्रा ने बताया कि खरमास समाप्ति के साथ ही प्रायः शुक्रोदय हो जाया करता था किंतु इस बार 4 फरवरी से होगा।