कंटेनमेंट जोन का निरीक्षण करते मंडलायुक्त
- फोटो : TALDEHATE
तालबेहट। शनिवार को मंडलायुक्त सुभाष चंद्र शर्मा ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बने कोविड एल- वन वार्ड के निरीक्षण के बाद नगर के मुख्य मार्ग पर भी भ्रमण किया। इसके बाद कंटेनमेंट जोन और आश्रम पद्धति विद्यालय में बने क्वारंटीन सेंटर को देखा। रास्ते में रानीपुरा में क्षतिग्रस्त सड़क और टूटी नालियों को देखकर जिम्मेदार अफसरों को फटकार लगाई।
मंडलायुक्त पैदल ही पुराने बस स्टैंड से लाल चौक तक गए। इस दौरान उन्हें कुछ लोग वाहनों से और कुछ पैदल जाते मिले। उन्हें रोक कर उन्होंने उनसे घर से बाहर आने का कारण पूछा। बाद में उन्हें सख्त हिदायत देकर घर वापस भेज दिया। इस दौरान उन्होंने लोगों से अपने घरों में ही रहने और सरकार के निर्देेशों का पालन करने की अपील की।
नगर के तिवरयाना मोहल्ले में कोरोना संक्रामित मरीज मिलने के बाद कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। क्षेत्र का भ्रमण करने के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान मंडलायुक्त को मौके पर गाय घूमती मिली। इस पर उन्होंने अधिशासी अधिकारी पंकज कुमार सिंह से तत्काल उसे गोशाला भिजवाने और प्रतिदिन क्षेत्र की साफ- सफाई पर ध्यान देने के निर्देश दिए। आश्रम पद्धति विद्यालय में बने क्वारंटीन सेंटर जाते समय मंडलायुक्त रानीपुरा में टूटी सड़क और नालियां में भरे कीचड़ को देखकर रूक गए। उन्होंने सड़क के किराने निवास करने वाले परिवारों से साफ- सफाई के संबंध में व संचारी रोगों की रोकथाम के बारे में आने वाले स्वास्थ्य कार्यकर्ता के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने बताया कि कोई टीम अब तक नहीं आई है। मंडलायुक्त ने सीएमओ को तत्काल टीम भेजने और संचारी रोगों से बचाव के व्यापक प्रचार- प्रसार के निर्देश देते हुए आशा व आंगनबाडी कार्यकत्री पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। नालियों में गंदगी मिलने और क्षतिग्रस्त सड़क के बारे में विभागीय अधिकारियों से बात करते हुए उन्हें ठीक करवाने के निर्देश दिए। आश्रम पद्धति विद्यालय तरगुवां में बने क्वारंटीन सेंटर में जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और उसमें सुधार लाने के निर्देश दिए।