कैप्सन - बंद पड़ा पुरुष शौचालय
- फोटो : TALDEHATE
तालबेहट। कोरोना वाइरस के भय के चलते स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। विभागीय अधिकारी स्वास्थ्य केंद्रों को साफ-सुथरा रखने के अलावा वहां व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का ताना-बाना बुन रहे हैैं, लेकिन नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पुरुष शौचालय का दरवाजा रस्सी और टेप से बंद कर दिया गया है, जिससे मरीजों और तामीरदारों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
शासन ने स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदारों को स्वास्थ्य केंद्रों पर साफ-सफाई के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। लोगों को साफ-सफाई से रहने के निर्देश के साथ-साथ मेडिकल स्टोर संचालकों को भी मॉस्क और सेनेटाइजर की बिक्री उचित दामों पर करने के निर्देश दिए हैं। लेकिन, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर साफ-सफाई का कोई ध्यान नहीं रखा जा रहा है। जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं। अव्यवस्थाओं का आलम यह है कि दवा वितरण कक्ष के समीप बने पुरुष शौचालय को लगभग दो सप्ताह से टेप और रस्सी के सहारे बंद कर दिया गया है। इससे रात में पुरुष मरीज और उनके साथ आने वाले तीमारदार या तो महिला शौचालय का उपयोग करते हैं या फिर स्वास्थ्य केंद्र के बाहर ही गंदगी फैला रहे हैं। इससे स्वास्थ्य केंद्र के बाहर खड़ा होना मुसीबत भरा हो रहा है। महिला शौचालय की स्थिति भी इतनी बदतर है कि उसके समीप से निकलना मुश्किल है। इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदारों से जानकारी करने पर वह चिकित्सा अधीक्षक से बात करने की कह कर अपना पल्ला झाड रहे हैं। उन्होंने शौचालय को पंद्रह दिन पूर्व बंद किए जाने को सिरे से नकार दिया है और पांच दिन की बात कही है।
इस संबंध में मुुझे कोई जानकारी नहीं है। मैं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नरेंद्र कुमार से बात करके पूरी जानकारी करूंगा। बिना कारण के शौचालय बंद करना गलत है।
-- डॉ. प्रताप सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी
शौचालय चोक हो गया था। उसे पांच दिन पहले बंद किया गया है।
- डॉ. नरेंद्र कुमार, चिकित्सा अधीक्षक तालबेहट