ललितपुर। 13वीं अंतर जनपदीय मल्लखंभ प्रतियोगिता की चलवैजंती शील्ड पर ललितपुर पुलिस ने तीसरे वर्ष भी अपना कब्जा बरकरार रखा। जबकि, झांसी की टीम दूसरे स्थान पर रही। व्यक्तिगत स्पर्धा में भी ललितपुर के खिलाड़ियों का दबदबा रहा और प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर कब्जा जमाया। पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक ने विजयी टीम को शील्ड, मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
पुलिस लाइन में चल रही प्रतियोगिता के अंतिम दिन मल्लखंभ पर खिलाड़ियों ने अपने करतब दिखाए। तीन दिनों तक चली सामूहिक व व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल मैच बुधवार को हुए। खिलाड़ियों ने मानव पिरामिड तथा अन्य कलाओं का प्रदर्शन किया। सभी टीमों के प्रदर्शन के बाद निर्णायक मंडल ने परिणाम घोषित किया। सामूहिक प्रतियोगिता का फाइनल मैच ललितपुर और झांसी की टीमों के बीच हुआ।
ललितपुर की पुलिस टीम ने एक बार फिर बाजी मारी और लगातार तीसरे साल सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए सर्वाधिक 47.40 अंक पाकर विजयी रही। जबकि, 28.20 अंक पाकर झांसी की टीम दूसरे स्थान पर आई। व्यक्तिगत स्पर्धा में ललितपुर के फायरमैन राकेश कुमार प्रथम, मुख्य आरक्षी सशस्त्र पुलिस रामऔतार सिंह दूसरे और आरक्षी वीपी सिंह व आरक्षी विजय पाल संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर आए।
पुरस्कार वितरण के दौरान पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक ने कहा कि मार्शल आर्ट तकनीक को निखारने के लिए मल्लखंभ खेल का प्रशिक्षण दिया जाता रहा है। इससे पुलिसकर्मी शारीरिक रूप से मजबूत और मानसिक स्वस्थ रहते हैं। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह, सीओ लाइन सुनील कुमार भारद्वाज, क्षेत्राधिकारी सदर अजय कुमार, प्रतिसार निरीक्षक जगदीश चंद्र आदि मौजूद रहे।
-
इन जनपदों की पुलिस टीमें हुईं शामिल
तीन दिवसीय प्रतियोगिता में कानपुर जोन के जनपद झांसी, जालौन, औरैया, कन्नौज, कानपुर, कानपुर देहात, फतेहगढ़ व ललितपुर सहित कुल आठ टीमों ने प्रतिभाग किया। जनपद इटावा की टीम किन्हीं कारणों से प्रतियोगिता में शामिल नहीं हो पाई।
-
विजयी टीम में ये खिलाड़ी रहे शामिल
मल्लखंभ प्रतियोगिता जीतने वाली ललितपुर की पुलिस टीम में मुख्य आरक्षी सशस्त्र पुलिस रामऔतार सिंह, मुख्य आरक्षी हरिशचंद्र यादव, आरक्षी विजय पाल, वीपी सिंह, लोहा सिंह, संजय कुमार, संगम सिंह यादव, सर्वेश सिंह सेंगर, रनवीर सिंह, फायर मैन राकेश कुमार, फायर मैन हरिहर सिंह, फायर मैन संदीप यादव शामिल रहे।
ये रहे निर्णायक मंडल में
निर्णायक मंडल में सीओ लाइन सुनील कुमार, सीओ सदर अजय कुमार, भारत सेवा मंडल व्यायामशाला के गुलझारी कुशवाहा, शैलेंद्र सिंह, भूपेंद्र कुमार, पुष्पेंद्र, कशिश शामिल रहे।
मल्लखंभ प्रतियोगिता में ललितपुर सहित आठ जिलों की टीमों ने प्रतिभाग किया। तीन दिन तक चली प्रतियोगिता में ललितपुर की टीम तीसरी बार विजेता रही। व्यक्तिगत स्पर्धा में भी ललितपुर के खिलाड़ी जीते।
मोहम्मद मुश्ताक, पुलिस अधीक्षक