अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। नवनिर्मित मेडिकल कॉलेज और परिवहन डिपो के उद्घाटन के लिए मुख्यमंत्री के आने का इंतजार है। मेडिकल कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद कक्षाएं तो शुरू करा दी गईं, लेकिन परिवहन डिपो से आठ माह बाद भी बसों का संचालन शुरू नहीं हो सका है। मड़ावरा तहसील के सैदपुर में बल्क ड्रग फार्मा पार्क और एयरपोर्ट का शिलान्यास भी लंबित है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनपद में आगमन को लेकर कई माह से अटकलें लगाई जा रही हैं। चर्चा थी कि महाकुंभ के संपन्न होने के बाद मुख्यमंत्री यहां आकर प्रमुख परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। लेकिन, बीते दिनों जब झांसी में मुख्यमंत्री के आने का कार्यक्रम आया तो लोगों की उम्मीद फिर टूट गई। गौरतलब है कि यहां के जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का उद्घाटन कराने का पहले ही अनुरोध किया था।